
बुलढाणा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड ने दावा किया कि उन्होंने 1987 में बाघ का शिकार किया है। गायकवाड ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके यह दावा किया है। इस वीडियो में उन्होंने एक बाघ का शिकार करने और उसी बाघ का दांत माला में पहनने का दावा किया है। इसके बाद संजय गायकवाड के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। महाराष्ट्र वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शिवसेना विधायक संजय गायकवाड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बाघ के कथित दांत को भी जब्त कर लिया गया है। अगर उनका दावा सच साबित हुआ तो उन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना और तीन साल तक की जेल हो सकती है। बुलढाणा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले संजय गायकवाड ने दावा किया है कि उन्होंने 37 साल पहले एक बाघ का शिकार किया था और उसका दांत अपने गले में पहनते है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दांत वाली माला जब्त कर ली है और इसे देहरादून की एक लैब में फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। फोरेंसिक जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या सच में दांत बाघ से निकाला गया है। विधायक पर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि लैब से नतीजे 20 से 25 दिनों में आने की संभावना है। अगर शिवसेना नेता के दावे सही साबित हुए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गायकवाड़ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना गुट के नेता हैं और उन्होंने हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर बाघ का शिकार करने का दावा किया था। अगर गायकवाड के दावे सही साबित हुए तो वह बड़ी मुसीबत में पड़ सकते है। क्योंकि इस साल के अंत में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव होने हैं।