यूपी के किसानों को बड़ी राहत, अब 6% ब्याज पर मिलेगा ₹6 लाख तक कृषि ऋण
योगी ने ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ और ‘भारत टैक्सी’ सेवा का किया शुभारंभ, पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य, टैक्सी चालकों से नहीं लिया जाएगा कमीशन

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के लघु एवं सीमांत किसानों को सस्ता कृषि ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत पात्र किसान उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक से ₹6 लाख तक का दीर्घकालीन कृषि ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर प्राप्त कर सकेंगे। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ‘भारत टैक्सी’ सेवा की भी शुरुआत की। अब तक सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से किसानों को करीब 11 से 11.50 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलता था। नई योजना के तहत किसानों पर प्रभावी ब्याज का बोझ घटाकर 6 प्रतिशत किया गया है। राज्य सरकार ने योजना के लिए ₹384 करोड़ स्वीकृत किए हैं। योजना का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में करीब 5 लाख किसानों को लाभ पहुंचाना है। योजना में नए किसानों के साथ बैंक के उन पुराने ऋणियों को भी ब्याज अनुदान का लाभ देने का प्रावधान है, जो नियमित रूप से ऋण का भुगतान कर रहे हैं। ऋण प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए आवेदन एवं स्वीकृति की व्यवस्था ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की गई है। मुख्यमंत्री ने इसी अवसर पर कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल के साथ सहकारिता विभाग के ‘उर्वरक सेतु’ मोबाइल एप और उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव डेटाबेस सेंटर के मोबाइल एप की भी शुरुआत की। इन डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी सेवाओं को किसानों तक अधिक आसानी से पहुंचाने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम का दूसरा प्रमुख आकर्षण ‘भारत टैक्सी’ सेवा रही। सहकारिता आधारित इस टैक्सी सेवा में चालकों से कमीशन नहीं लेने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे जुड़े चालकों को ₹5 लाख तक की सामाजिक सुरक्षा कवरेज भी मिलेगी। भारत टैक्सी से उत्तर प्रदेश में करीब 50 हजार चालक जुड़ चुके हैं और शुरुआती चरण में बड़ी संख्या में चालक लखनऊ से जुड़े बताए गए हैं। यह सेवा अप्रैल से पायलट परियोजना के रूप में संचालित की जा रही थी। बुधवार को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर और प्रयागराज में भी भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित केंद्र और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के मंत्री तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के माध्यम से सरकार ने जहां छोटे और सीमांत किसानों के लिए दीर्घकालीन कृषि निवेश की लागत कम करने पर जोर दिया है, वहीं भारत टैक्सी के सहकारी मॉडल में चालकों को बिना कमीशन अपनी आय अर्जित करने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।
