त्योहारों के बीच महाराष्ट्र FDA की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त

तेल, पनीर, खवा, फरसाण, चाय और प्रतिबंधित पानमसाला-तंबाकू पर छापे, कई प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित


मुंबई। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (FDA) ने पिछले तीन दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में विशेष अभियान चलाते हुए खाद्य तेल, पनीर, खवा, मिठाइयों, फरसाण, चाय और प्रतिबंधित पानमसाला-सुगंधित तंबाकू के बड़े स्टॉक पर कार्रवाई की है। कई मामलों में नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, जबकि गंभीर स्वच्छता उल्लंघनों के चलते कुछ प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित या कारोबार बंद करने की कार्रवाई की गई। छत्रपति संभाजीनगर विभाग में धाराशिव, परभणी, वैजापुर और सिल्लोड सहित कई स्थानों पर कार्रवाई हुई। धाराशिव में शिवशंकर खवा पेढा उद्योग एवं बिक्री केंद्र से भेसल के संदेह में 249 किलो खवा, कीमत 57,270 रुपये जब्त किया गया। तुलजापुर में विभिन्न खवा भट्टियों और मिठाई प्रतिष्ठानों से खवा, पेड़ा और कलाकंद भी जब्त किए गए। परभणी जिले के जिंतूर और औद्योगिक क्षेत्र में मे. मयूर एजेंसीज, मे. अथर्व एजेंसीज, मे. वरद ऑयल इंडस्ट्रीज और मे. मोती नमकीन प्रा. लि. पर कार्रवाई की गई। यहां खाद्य तेल और सेव-फरसाण मिश्रण मिलाकर कुल 31,866 किलो माल, जिसकी कीमत करीब 81.71 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किया गया। वैजापुर के सिद्धिविनायक ट्रेडर्स से 343 किलो गाय का घी, कीमत 2.72 लाख रुपये और सिल्लोड के न्यू भारत बेकरी से 1,013 किलो टोस्ट, स्पेशल टोस्ट और पिस्ता रोस्ट, कीमत करीब 1.29 लाख रुपये, जांच के तहत दर्ज किए गए। नागपुर विभाग में हुडकेश्वर रोड स्थित चंद्रभागा ट्रेडर्स से अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए 1,078.40 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल, कीमत 1.81 लाख रुपये जब्त किया गया। वहीं चंद्रपुर जिले के वरोरा स्थित जयंत स्वीट मार्ट से 49 किलो खवा, कीमत 19,600 रुपये जब्त किया गया।
कोकण विभाग के भिवंडी में विराज एंटरप्राइजेज पर कार्रवाई के दौरान करीब 1.27 करोड़ रुपये का खाद्य तेल और चाय का स्टॉक जब्त किया गया। FDA के अनुसार, Jivo ब्रांड के Pomace Olive Oil के नमूने की जांच में तेल ऑलिव ऑयल न होकर पूरी तरह ग्राउंडनट ऑयल पाए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद 11,779 लीटर खाद्य तेल और 2,850 किलो चाय का स्टॉक जब्त किया गया।
पुणे विभाग में बावधन, कसबा पेठ और बिबवेवाड़ी क्षेत्र में नियंत्रित तापमान के अभाव में परिवहन और भंडारण के संदेह में 9,000 किलो पनीर और 440 किलो खवा जब्त किया गया। मार्केट यार्ड स्थित 3D Masale & Dryfruits से चाय और फ्लेवर्ड ड्रिंक कॉन्सन्ट्रेट समेत 77.75 किलो खाद्य पदार्थ तथा पौड रोड, चांदणी चौक स्थित Suryam Enterprises से 9,888 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया। अहिल्यानगर जिले में चैतन्य किराणा हार्डवेयर से Sunrise ब्रांड की 87 किलो भगर, कीमत 6,960 रुपये, निकृष्ट और भेसलयुक्त होने के संदेह में जब्त की गई। मुंबई में कांदिवली पूर्व और पश्चिम क्षेत्र में FDA की टीम ने विभिन्न फरसाण और मिठाई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। कांदिवली पूर्व के श्री सद्गुरु फूड्स से रंग के संदेह वाले वेफर्स, लहसुन सेव, भुजिया और शेजवान स्टिक्स मिलाकर 22,045 रुपये का माल जब्त किया गया। कांदिवली पश्चिम के श्री गणेश फरसाण एंड स्वीट मार्ट से रंग पाए जाने पर जलेबी और महाराजा हलवा, कीमत 3,150 रुपये, जब्त कर मौके पर नष्ट किया गया। प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की गई। जालना में एक संदिग्ध आयशर वाहन से 53.25 लाख रुपये का प्रतिबंधित पानमसाला और सुगंधित तंबाकू मिला। वाहन, मोबाइल और GPS उपकरण सहित कुल करीब 83.35 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। मुंबई में टाटा इंट्रा वाहन से 7.06 लाख रुपये का प्रतिबंधित स्टॉक और 3 लाख रुपये का वाहन जब्त कर संबंधित आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। FDA ने होटल, रेस्टोरेंट, बेकरी और कैंटीन में गंभीर स्वच्छता उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की। मुंबई में Arabian Shawarma Cafe & Fast Food, Nath Fast Food, NAIR ON FIRE Cloud Kitchen और Bikaner Sweets and Namkin के खिलाफ लाइसेंस निलंबन या कारोबार बंद करने की कार्रवाई की गई। जांच में अस्वच्छ किचन, खराब ड्रेनेज, जंग लगे रैक और बर्तन, तापमान रिकॉर्ड में कमी, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र न होना तथा मिठाई में अनधिकृत रंग के इस्तेमाल जैसी खामियां सामने आईं। FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने नागरिकों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता या अनियमितता संबंधी शिकायतों के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-222-365 और विभाग के शिकायत पोर्टल का उपयोग करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *