महाराष्ट्र के बीड में शिक्षक भर्ती घोटाले पर बड़ी कार्रवाई, 73 शिक्षक बर्खास्त
शिकायतकर्ता का दावा- 2,217 और शिक्षकों की जा सकती है नौकरी, 2012 में भर्ती प्रतिबंध के दौरान फर्जी दस्तावेजों से नियुक्तियों का आरोप

बीड। महाराष्ट्र के बीड जिले में शिक्षकों की कथित फर्जी भर्ती के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 73 शिक्षकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की जांच के बाद की गई इस कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। सामाजिक कार्यकर्ता और मामले के शिकायतकर्ता सादेक इनामदार ने दावा किया है कि यह कार्रवाई की शुरुआत भर है। उनके अनुसार, कथित अनियमितताओं में शामिल 2,217 अन्य शिक्षकों की नियुक्तियां भी जांच के दायरे में हैं और उनके खिलाफ भी बर्खास्तगी की कार्रवाई हो सकती है।
भर्ती प्रतिबंध के दौरान नियुक्तियों में हेरफेर का आरोप
शिकायत के अनुसार, कथित अनियमितताएं वर्ष 2012 की हैं। उस समय राज्य सरकार ने शिक्षकों की भर्ती पर रोक लगा रखी थी। आरोप है कि कुछ अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन ने अदालती आदेशों का कथित रूप से गलत लाभ उठाकर अवैध नियुक्तियों को नियमित कराया। इनामदार का आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और रिकॉर्ड में हेरफेर कर शिक्षकों की नियुक्तियां की गईं। इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं।
संच मान्यता प्रक्रिया में गड़बड़ी के दो तरीके सामने आने का दावा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जांच में संच मान्यता यानी स्कूलों में स्वीकृत शिक्षक पदों की संख्या निर्धारित करने की प्रक्रिया में कथित हेरफेर के दो तरीके सामने आए हैं। पहला, प्रशासनिक बदलाव के जरिए बिना अधिकार स्वीकृत शिक्षक पदों की संख्या बढ़ाना। दूसरा, विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या से अधिक आंकड़े दिखाकर अतिरिक्त शिक्षक पद तैयार करना। आरोप है कि इन तरीकों का इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेजों और बदले हुए रिकॉर्ड के आधार पर नियुक्तियां हासिल की गईं।
SIT की जांच के बाद कार्रवाई, 2,217 नियुक्तियां जांच के घेरे में
सादेक इनामदार की औपचारिक शिकायत और विशेष जांच दल (एसआईटी) के साथ लगातार संपर्क के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू की। इसके तहत कथित अनियमितताओं में शामिल पाए गए 73 शिक्षकों को नौकरी से हटाया गया है। इनामदार के दावे के अनुसार, शिकायत में नामजद 2,217 अन्य शिक्षकों की नियुक्तियों की भी जांच होनी बाकी है। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले दिनों में शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
