आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: 40 फीट गहरी खंती में पलटी बस, तीन की मौत, 40 से अधिक घायल
चालक पर शराब पीकर बस चलाने का आरोप, छोटे बच्चे भी हुए हादसे का शिकार

लखनऊ। आगरा एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक लोग घायल हो गए। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही यात्रियों से भरी बस पारा इलाके में जीरो पॉइंट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 फीट गहरी खंती में पलट गई। हादसे में छोटे बच्चों समेत कई यात्री घायल हुए हैं। यात्रियों ने चालक पर शराब पीकर तेज रफ्तार में बस चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रारंभिक जानकारी में बस का पिछला टायर फटने से हादसा होने की आशंका भी जताई गई है। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे बस खंती में पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस, एनडीआरएफ और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। डीसीपी पश्चिम जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, बस में कुल 52 यात्री सवार थे। इनमें से 29 घायलों को लोकबंधु अस्पताल और 13 को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। उपचार के दौरान अस्पताल में भी दो यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में बिहार के बेगूसराय निवासी 63 वर्षीय शंकर रजक की पहचान हुई है। यात्रियों का आरोप है कि राजस्थान से लखनऊ तक रास्ते में चालक और परिचालक ने कई स्थानों पर रुककर शराब पी थी। चालक की हालत देखकर यात्रियों ने उसे कई बार बस रोकने और सावधानी से चलाने के लिए कहा, लेकिन वह तेज रफ्तार से बस दौड़ाता रहा। हादसे में बिहार के वैशाली की चांदनी और उनकी दो वर्षीय बेटी आरोही व तीन वर्षीय बेटी संध्या भी घायल हुई हैं। इसके अलावा आजमगढ़, महाराजगंज, देवरिया और बिहार के विभिन्न जिलों के यात्रियों को चोटें आई हैं। अस्पतालों में घायलों का उपचार जारी है। अपनों से मिलने की उम्मीद लेकर निकले यात्रियों का सफर अचानक चीख-पुकार और मातम में बदल गया।
