नवी मुंबई में अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी, ₹1.30 करोड़ का माल जब्त
ऐरोली रेलवे स्टेशन के सामने 12 पहियों वाले ट्रक से 48 हजार शराब की बोतलें बरामद, साबुन के बॉक्स की आड़ में हो रही थी तस्करी

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य उत्पादन शुल्क विभाग के कोंकण विभागीय उड़न दस्ते ने नवी मुंबई के ऐरोली रेलवे स्टेशन के सामने बेलापुर-ठाणे मार्ग पर अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने 12 पहियों वाले एक ट्रक से गोवा में निर्मित शराब की 48 हजार बोतलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई में शराब और ट्रक सहित कुल 1 करोड़ 30 लाख 60 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को राज्य उत्पादन शुल्क विभाग ने बताया कि बेलापुर-ठाणे मार्ग से अवैध शराब की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना कोंकण विभागीय उड़न दस्ते को मिली थी। इसके आधार पर निरीक्षक दिगंबर शेवाळे के मार्गदर्शन में टीम ने ऐरोली रेलवे स्टेशन के सामने जाल बिछाया। इस दौरान चॉकलेटी और सफेद रंग के टाटा कंपनी के 12 पहियों वाले ट्रक क्रमांक एमएच-10-एडब्ल्यू-5294 को रोककर जांच की गई। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने ट्रक में साबुन के बॉक्स होने की जानकारी दी। हालांकि, जब अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़ी संख्या में खाकी रंग के बॉक्स मिले। बॉक्स खोलने पर उनमें गोवा में निर्मित ‘रॉयल ब्ल्यू माल्ट व्हिस्की’ की 180 मिलीलीटर क्षमता वाली बोतलें पाई गईं। विभाग के अनुसार, इस शराब की महाराष्ट्र में बिक्री प्रतिबंधित है। बोतलों पर बैच नंबर और अधिकतम खुदरा मूल्य भी अंकित नहीं था। जांच के दौरान कुल 1,000 बॉक्स में रखी 48,000 शराब की बोतलें बरामद की गईं। अधिकारियों ने शराब की पूरी खेप और ट्रक जब्त कर लिया। इस मामले में पुलिस ने जावेदखान नवाबखान पिंजारी (24) निवासी गधडदेव, पोस्ट बोराडी, तहसील शिरपुर, जिला धुले को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र मद्य निषेध अधिनियम, 1949 की धारा 65 (अ), (ई), 80, 81, 83, 90 और 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई राज्य उत्पादन शुल्क आयुक्त डॉ. राजेश देशमुख, सहआयुक्त प्रसाद सुर्वे, कोंकण विभाग के विभागीय उपायुक्त प्रदीप पवार और ठाणे-1 के अधीक्षक प्रवीण तांबे के निर्देशानुसार की गई। कार्रवाई में निरीक्षक दिगंबर शेवाळे, उपनिरीक्षक एच.बी.यादव, वी.वी.सकपाळ तथा जवान ए.पी.राठोड, हर्षल खरबस, हनुमंत गाढवे और अमोल सानप शामिल रहे। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक एच. बी. यादव कर रहे हैं।
