349 करोड़ से आधुनिक बनेगा काशी रेलवे स्टेशन, 10 ट्रैक और 6 प्लेटफॉर्म होंगे

रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया निरीक्षण, यात्री क्षमता बढ़कर 13,261 प्रतिदिन होगी; 10 मेमू ट्रेन सेवाओं की भी सौगात

वाराणसी। काशी में रेलवे कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। शनिवार को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने काशी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों और नमो गंगा रेल-सह-सड़क पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति और यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। स्टेशन पर रेलवे ट्रैक की संख्या चार से बढ़ाकर 10 और प्लेटफॉर्म चार से बढ़ाकर छह किए जाएंगे। प्लेटफॉर्म की लंबाई भी 600 मीटर होगी। स्टेशन के पुनर्विकास पर 349.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके तहत उत्तर और दक्षिण दिशा में दो आधुनिक स्टेशन भवन, करीब 10,622 वर्ग मीटर का कॉनकोर्स और नौ मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए 30 लिफ्ट और 23 एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे। रेलमंत्री के अनुसार, पुनर्विकास के बाद स्टेशन की यात्री क्षमता प्रतिदिन 1,954 से बढ़कर 13,261 हो जाएगी। वहीं, ट्रेनों की संख्या 16 जोड़ी से बढ़कर 36 जोड़ी तक पहुंच सकेगी।
1,380 करोड़ से बनेगा रेल-सह-सड़क पुल
काशी स्टेशन के पास करीब 1,074.6 मीटर लंबे महामना रेल-सह-सड़क पुल का निर्माण 1,380.87 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से किया जा रहा है। पुल में कुल 10 स्पैन और 11 सब-स्ट्रक्चर बनाए जाएंगे।
10 मेमू ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को राहत
रेलवे की ओर से वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच प्रतिदिन आठ मेमू ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा बनारस से प्रयागराज रामबाग के लिए नई मेमू ट्रेन शुरू की गई है और रामबाग-बनारस मेमू का विस्तार औड़िहार तक किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन सेवाओं से किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और महिलाओं को सुविधा मिलेगी। काशी से प्रयागराज तक रेल संपर्क मजबूत होने से दोनों आध्यात्मिक शहरों के साथ शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र भी जुड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया गया है। रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और अंडरपास बनने से सुरक्षा बढ़ी है और फ्रेट कॉरिडोर से माल ढुलाई भी तेज हुई है।
बरेका में कर्मचारियों के साथ किया भोजन
निरीक्षण के बाद रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) पहुंचे। यहां उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की और कैंटीन में कर्मचारियों के साथ भोजन किया। उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल की सुविधाओं और सुझावों पर चर्चा की। महिला कर्मचारियों से संवाद कर सुरक्षित कार्यस्थल और रेलवे में उनकी बढ़ती भागीदारी पर भी विचार-विमर्श किया।
दिल्ली के लिए स्लीपर वंदे भारत का किराया तय
देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन दो नवंबर से शुरू हो गई है। दिल्ली तक प्रथम एसी का किराया 3,030 रुपये, द्वितीय एसी का 2,470 रुपये और तृतीय एसी का 1,919 रुपये निर्धारित किया गया है। शुक्रवार को वाराणसी से इस ट्रेन का संचालन नहीं होगा। निरीक्षण के दौरान मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक कुमार तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल तथा जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *