इंदौर, उज्जैन और चित्तौड़गढ़ स्टेशनों पर ATVM से टिकट लेना हुआ आसान
यात्रियों की मदद के लिए फैसलिटेटर नियुक्त, QR कोड से UPI भुगतान कर तुरंत मिलेगा अनारक्षित टिकट

रतलाम, मध्य प्रदेश। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों के लिए अनारक्षित टिकट लेने की प्रक्रिया को और सरल, सुविधाजनक तथा कैशलेस बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। रेलवन ऐप और UTS ऐप के साथ रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के जरिए यात्री अब लंबी कतार में लगे बिना स्वयं अनारक्षित टिकट प्राप्त कर सकते हैं। यात्रियों की सहायता के लिए इंदौर, उज्जैन और चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशनों पर ATVM फैसलिटेटर भी नियुक्त किए गए हैं।ATVM में QR कोड आधारित डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। यात्री किसी भी UPI-सक्षम ऐप से मशीन पर प्रदर्शित QR कोड स्कैन कर टिकट का भुगतान कर सकते हैं। भुगतान पूरा होते ही टिकट प्राप्त किया जा सकता है।पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इंदौर रेलवे स्टेशन पर दो, उज्जैन में एक और चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर एक ATVM फैसलिटेटर नियुक्त किया गया है।फैसलिटेटर उन यात्रियों की सहायता करेंगे, जिन्हें मशीन से टिकट निकालने में परेशानी होती है या ATVM के इस्तेमाल की जानकारी नहीं है। वे यात्रियों को टिकट निकालकर देने के साथ मशीन इस्तेमाल करने की प्रक्रिया भी समझाएंगे, ताकि भविष्य में यात्री स्वयं टिकट प्राप्त कर सकें।इस व्यवस्था से जहां टिकट काउंटरों पर लंबी कतार और भीड़ कम करने में मदद मिलेगी, वहीं यात्रियों का समय भी बचेगा। रेलवे के मुताबिक इससे रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं। पहले ATVM फैसलिटेटर के रूप में केवल सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना थी, लेकिन इसमें संशोधन के बाद अब आवश्यकता के अनुसार अन्य लोगों को भी फैसलिटेटर के रूप में शामिल किया जा सकता है।रतलाम मंडल का कहना है कि डिजिटल और स्व-सेवा आधारित टिकटिंग सुविधाओं को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को कम समय में आसानी से अनारक्षित टिकट मिल सके और रेलवे स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की भीड़ कम हो।
