वरळी में नेहरू विज्ञान केंद्र फ्लाईओवर का काम 31 जनवरी 2027 तक पूरा करने के निर्देश
फ्लाईओवर से 15 मिनट तक बचेगा सफर का समय, वरळी नाका पर ट्रैफिक का दबाव होगा कम; अतिरिक्त मनपा आयुक्त अभिजीत बांगर ने किया निरीक्षण

मुंबई। वरळी स्थित नेहरू विज्ञान केंद्र से नेहरू तारांगण के बीच बीएमसी द्वारा बनाए जा रहे फ्लाईओवर और सब-वे का काम 31 जनवरी 2027 तक पूरा करने के निर्देश अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (प्रकल्प) अभिजीत बांगर ने दिए हैं। बुधवार को बांगर ने परियोजना स्थल का प्रत्यक्ष दौरा कर निर्माण कार्यों की मौजूदा स्थिति और आगे की कार्ययोजना की समीक्षा की। नेहरू विज्ञान केंद्र की ओर 1200 मिलीमीटर व्यास वाली मुख्य पाइलिंग का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। यहां कुल 18 में से 17 पाइल कैप, 18 में से 17 पिअर और 18 में से 17 पिअर कैप का काम पूरा किया जा चुका है। वहीं जिजामाता नगर की ओर मुख्य पाइलिंग का काम पूरा हो चुका है। इस हिस्से में सभी 17 पाइल कैप, 17 पिअर और 17 पिअर कैप का निर्माण भी पूरा कर लिया गया है। परियोजना के तहत कुल 14 में से सभी 14 पोर्टल बीम तैयार हो चुके हैं। इसी तरह 18 गर्डर स्पैन में से 17 का निर्माण पूरा हो गया है, जबकि एक गर्डर स्पैन का काम प्रगति पर है। अब तक 14 में से 13 पोर्टल बीम और 18 में से 9 गर्डर स्पैन स्थापित किए जा चुके हैं। डेक स्लैब कंक्रीटिंग का काम 18 में से 7 स्पैन में पूरा हो चुका है, जबकि दो अन्य स्पैन पर काम जारी है। इस फ्लाईओवर के शुरू होने से वाहन चालकों के सफर में करीब 15 मिनट की बचत होने की उम्मीद है। फिलहाल इस मार्ग पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को वरळी नाका स्थित आचार्य अत्रे चौक से घूमकर जाना पड़ता है। नया फ्लाईओवर शुरू होने के बाद ई. मोझेस मार्ग से सीधे एनी बेसेंट मार्ग और धर्मवीर स्वराज्यरक्षक छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड तक पहुंचने के लिए नजदीकी और आसान मार्ग उपलब्ध होगा। लोअर परळ, महालक्ष्मी और करी रोड की ओर से आने वाले वाहन भी सीधे इस फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे वरळी नाका पर यातायात का दबाव और जाम कम होने के साथ यात्रा की दूरी घटेगी तथा वाहन चालकों के ईंधन की भी बचत होगी। अभिजीत बांगर ने शेष कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए आवश्यक मैनपावर, मशीनरी और संसाधनों की उचित योजना बनाकर निर्माण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर काम आगे बढ़ाने और यातायात पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक प्लान तैयार करने को भी कहा। निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता (पुल) राजेश मुळे सहित संबंधित अधिकारी और अभियंता उपस्थित थे।

