विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेल का परचम, ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब जीता

प्राग में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक पर कब्जा, मध्य रेल की कोच लविना लोबो के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने रचा इतिहास

मुंबई। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारतीय रेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का गौरव बढ़ाया है। चेक गणराज्य की राजधानी प्राग में 13 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित 18वीं विश्व रेलवे (पुरुष एवं महिला) क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में भारतीय रेल ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन का परिचय दिया। इस ऐतिहासिक सफलता में मध्य रेल की खिलाड़ी एवं कोच लवलीना लोबो की अहम भूमिका रही। उनके कुशल मार्गदर्शन में भारतीय रेल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में शीर्ष स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में उत्तर रेलवे की रेणु सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि पुरुष वर्ग में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के हरीश ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में भारतीय रेल के कुल पांच खिलाड़ियों, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं, ने पदक हासिल किए। चैंपियनशिप के 18वें संस्करण में 11 देशों के कुल 89 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें भारत, फ्रांस, जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन, स्विट्जरलैंड, चेक गणराज्य, पोलैंड, ऑस्ट्रिया, डेनमार्क, स्लोवाकिया और बुल्गारिया के खिलाड़ी शामिल थे। भारतीय रेल की ओर से इस प्रतियोगिता में आठ खिलाड़ियों ने प्रतिनिधित्व किया। उल्लेखनीय है कि विश्व रेलवे क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप का आयोजन प्रत्येक चार वर्ष में एक बार किया जाता है। ऐसे में भारतीय रेल की यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में विशेष महत्व रखती है। पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन बनना भारतीय रेल के खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और खेल उत्कृष्टता का प्रमाण है। साथ ही कोच लवलीना लोबो का योगदान भी इस गौरवशाली सफलता में विशेष रूप से सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *