Monday, January 12, 2026
Google search engine
HomeFashionस्टार्टअप्स और आत्मनिर्भर भारत से वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा भारत:...

स्टार्टअप्स और आत्मनिर्भर भारत से वैश्विक मंच पर आगे बढ़ रहा भारत: राज्यपाल आचार्य देवव्रत

मुंबई। भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और मूल्यवान है। देश के सर्वांगीण विकास के लिए युवाओं को अपने विचार, कर्म और नवाचार के माध्यम से आगे आना चाहिए तथा भारतीय संस्कृति, सभ्यता और नैतिक मूल्यों की विरासत को संजोते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए, ऐसा आवाहन राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। राष्ट्रीय युवा महोत्सव– विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2025–26 की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए राज्य से चयनित युवाओं से सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद साधा। इस अवसर पर खेल विभाग के प्रधान सचिव संजय खंदारे, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, सह सचिव एस. राममूर्ति, खेल विभाग के उप सचिव सुनील पांढरे, सहायक संचालक मिलिंद दीक्षित, मुंबई विभाग की उप खेल संचालक सुवर्णा बारटक्के सहित संबंधित अधिकारी एवं राष्ट्रीय युवा महोत्सव के लिए चयनित विद्यार्थी उपस्थित थे। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव में सहभागिता राज्य के युवाओं के लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी अवसर है तथा दिल्ली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के लिए चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि यह उपक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना से संचालित है और स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव को नया स्वरूप दिया गया है, जिसके अंतर्गत देशभर के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित तीन हजार मेधावी युवाओं को इस महोत्सव के जरिए सीधे प्रधानमंत्री से संवाद करने का अवसर मिलेगा। मेहनत, परिश्रम और गुणवत्ता के बल पर चयनित युवाओं की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह चयन विकसित राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका की स्वीकृति है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भारत युवाओं का देश है और युवाओं में देश के विकास को नई गति देने की अपार क्षमता है। भारत का विकास केवल आर्थिक या भौतिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ भारत की पहचान है और भारत ने संत-महात्माओं के माध्यम से मानवता का संदेश पूरे विश्व में पहुँचाया है। राज्यपाल ने कहा कि स्टार्टअप्स और आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से भारत वैश्विक स्तर पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरे स्थान की ओर अग्रसर है, साथ ही विकास का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति तक पहुँच रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि असफलताओं से निराश न होकर परिश्रम, दृढ़ता और सकारात्मक सोच के साथ देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और शक्तिशाली बनाने में अपना योगदान दें। संवाद कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों पर राज्यपाल ने मार्गदर्शन किया तथा कार्यक्रम के अंत में चयनित युवाओं को मान्यवरों के हस्ते प्रतीकात्मक रूप से किट वितरित की गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025–26 का राष्ट्रीय युवा महोत्सव दिल्ली में 9 जनवरी 2026 से आयोजित किया गया है। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के अंतर्गत विकसित भारत क्विज, निबंध लेखन प्रतियोगिता और विकसित भारत पीपीटी चैलेंज जैसी ऑनलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके माध्यम से राज्य से 45 युवाओं का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त जिला, विभाग और राज्य स्तरीय युवा महोत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक विभाग से 28 कलाकारों तथा डिज़ाइन फॉर भारत और हैक फॉर सोशल कॉज़ प्रतियोगिताओं से 5 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। राज्य से चयनित युवाओं और अधिकारियों सहित कुल 85 सदस्यों का दल मुंबई से दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए रवाना हुआ।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments