CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क पर उतरा INDIA गठबंधन, कई सांसद हिरासत में
SIR और मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष ने उठाए सवाल, संसद से निर्वाचन आयोग मुख्यालय तक निकाला मार्च, नीति आयोग के पास पुलिस ने रोका

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कथित अनियमितताओं और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के सांसद मंगलवार को संसद भवन परिसर से निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर मार्च पर निकले। पुलिस ने प्रदर्शनकारी सांसदों को नीति आयोग कार्यालय के सामने, आकाशवाणी भवन और निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर रोक दिया। इसके बाद विपक्षी नेता सड़क पर धरने पर बैठ गए। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेता मार्च में शामिल हुए। मार्च रोके जाने के दौरान राहुल गांधी और अभिषेक बनर्जी पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए। राहुल गांधी ने बैरिकेड पर तिरंगा भी लहराया।
प्रदर्शन के मद्देनजर निर्वाचन आयोग मुख्यालय और संसद के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बैरिकेडिंग के साथ बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया। मार्च को निर्वाचन आयोग मुख्यालय पहुंचने से पहले संसद मार्ग पर ही रोक दिया गया। विपक्ष का आरोप है कि SIR प्रक्रिया और मतदाता पंजीकरण से जुड़े Form 6 में बदलाव को लेकर गंभीर सवाल हैं। यह विवाद तब और बढ़ा जब सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसने Form 6 में किसी संशोधित संस्करण को मंजूरी नहीं दी थी और अदालत निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड देखकर यह जांच करेगी कि बदलाव किसने और किस प्रक्रिया के तहत किए।
हालांकि, निर्वाचन आयोग ने विपक्ष के आरोपों का खंडन किया है। आयोग का कहना है कि Form 6 में बदलाव नहीं किया गया, बल्कि SIR के लिए एक अतिरिक्त घोषणा (declaration) जोड़ी गई थी। आयोग ने अपने भीतर मतभेद की खबरों को भी खारिज करते हुए कहा है कि SIR से संबंधित निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए। विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। CPI महासचिव डी. राजा ने कहा कि INDIA गठबंधन ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर निर्वाचन आयोग तक संयुक्त मार्च करने का निर्णय लिया है। वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने निर्वाचन आयोग से बिना भेदभाव के काम करने की मांग करते हुए उसकी निष्पक्षता पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर विपक्षी सांसद सड़क पर बैठ गए। कुछ देर चले गतिरोध के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई नेताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाया।
SIR और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। विपक्ष जहां मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है, वहीं निर्वाचन आयोग अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज कर रहा है।

#ElectionCommission #GyaneshKumar #RahulGandhi #PriyankaGandhi #INDIABloc #SIR #AkhileshYadav #ElectionCommissionOfIndia #Delhi #CEC #मतदातासूची #चुनावआयोग
