पशु चिकित्सा विद्यार्थियों की इंटर्नशिप भत्ते में 7 हजार रुपये की बढ़ोतरी, अब हर महीने मिलेंगे 18 हजार रुपये

मुंबई। महाराष्ट्र पशु एवं मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय के अंतर्गत पशु चिकित्सा पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों के इंटर्नशिप निर्वाह भत्ते में 7 हजार रुपये की वृद्धि करने का महत्वपूर्ण निर्णय राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया है। बुधवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इससे पहले विद्यार्थियों को प्रतिमाह 11 हजार रुपये निर्वाह भत्ता दिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है। भारतीय पशु चिकित्सा परिषद के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को राज्य सरकार के पशुसंवर्धन विभाग के पशु चिकित्सालयों में एक वर्ष तक इंटर्नशिप पशु चिकित्सक के रूप में कार्य करना अनिवार्य होता है। इस दौरान उनके आवास, भोजन और यात्रा संबंधी खर्चों के लिए निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाता है। नए निर्णय के अनुसार, इस भत्ते में से 15 हजार रुपये राज्य सरकार द्वारा दिए जाएंगे, जबकि शेष 3 हजार रुपये भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और महाराष्ट्र पशु एवं मत्स्य विज्ञान विश्वविद्यालय के निधि से उपलब्ध कराए जाएंगे। कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा केवल छह महीने के लिए निधि उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में अगले छह महीने का खर्च विश्वविद्यालय के स्वनिधि से वहन करने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से पशु चिकित्सा पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पशु चिकित्सालयों में सेवा देने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे किसानों और पशुपालकों को अपने पशुधन के उपचार एवं देखभाल में सहायता प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *