बीएमसी मुख्यालय में खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारंभ

सभागृह नेता गणेश खणकर ने किया उद्घाटन, महानगरपालिका अधिकारियों और कर्मचारियों से सप्ताह में एक दिन खादी पहनने की अपील

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल की ओर से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय में खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन बीएमसी के सभागृह नेता गणेश खणकर के हाथों तथा महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल के सभापति (राज्यमंत्री दर्जा) रवींद्र साठे की प्रमुख उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग मंडल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लक्ष्मण राऊत, सह-मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवींद्र ठाकरे, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजकुमार डांगर और नित्यानंद पाटील उपस्थित रहे। यह प्रदर्शनी बीएमसी मुख्यालय स्थित उपहारगृह परिसर में मंगलवार, 13 अक्टूबर से गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की गई है। प्रदर्शनी में खादी के शर्ट, कुर्ते, जैकेट, हाथ से बुनी साड़ियां, शहद, साबुन, तेल, कोल्हापुरी चप्पल, कारीगरों द्वारा हाथ से बनाए गए आभूषण तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार खाद्य पदार्थ बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। इस अवसर पर सभागृह नेता गणेश खणकर ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग को प्रोत्साहन देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों के कारीगरों और उद्यमियों द्वारा तैयार उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीएमसी ने यह पहल की है। स्थानीय कारीगरों, लघु उद्यमियों और पारंपरिक व्यवसाय से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह प्रदर्शनी महत्वपूर्ण साबित होगी। खणकर ने महानगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों से खादी वस्त्रों तथा ग्रामोद्योग के अंतर्गत तैयार विभिन्न उत्पादों के उपयोग को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पारंपरिक कला एवं कौशल के संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों को अधिक से अधिक ग्राहक मिलने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। महानगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दें। गणेश खणकर ने बीएमसी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सप्ताह में कम से कम एक दिन खादी के कपड़े पहनने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से खादी के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और ग्रामीण कारीगरों तथा छोटे उद्यमियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *