
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद में “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ किया गया, जो 15 जुलाई तक संचालित होगा। इस अभियान का उद्देश्य जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने जनता दर्शन के दौरान कहा कि “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा” और अधिकारियों व शिक्षकों को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाकर प्रत्येक बच्चे को चिन्हित कर विद्यालय में नामांकन कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्टाफ एवं शिक्षकों की टोली घर-घर जाकर अभिभावकों को प्रेरित करे और सरकारी योजनाओं की जानकारी दे। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर उत्साहवर्धन किया जाए, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति लगाव बढ़े। उन्होंने बताया कि डीबीटी योजना के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क ड्रेस, जूते-मोजे, बैग और पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है, जो किसी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं।
“स्कूल चलो अभियान” के तहत पहले दिन विद्यालयों में उत्सव का माहौल रहा। छात्रों में स्कूल के प्रति आकर्षण बढ़ाने, शिक्षकों के प्रति सम्मान विकसित करने और उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जनता दर्शन के दौरान एक शिकायत भी सामने आई, जिसमें ग्राम अमरोख निवासी शिखर राय ने बताया कि मौजा अमरोख के गाटा संख्या 898 का रास्ता अवरुद्ध है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत होने और नाप-तोल पूरी होने के बावजूद कार्य नहीं कराया गया है तथा दबंगों द्वारा कब्जा किया गया है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी मोंठ को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वरुण कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्याय अरुण कुमार गौड़, नगर मजिस्ट्रेट प्रमोद झा सहित अन्य अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।




