HomeUncategorizedगुटखा माफियाओं ने महिला अधिकारी को कुचलने का किया प्रयास, एफडीए मंत्री...

गुटखा माफियाओं ने महिला अधिकारी को कुचलने का किया प्रयास, एफडीए मंत्री नरहरी झिरवाळ ने दिए कड़ी कार्रवाई के आदेश

मुंबई। छत्रपति संभाजीनगर में गुटखा माफियाओं के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान एक महिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर वाहन चढ़ाकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवाळ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित महिला अधिकारी से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार और विभाग उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। मंत्री झिरवाळ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कर्तव्य निभाने वाले अधिकारियों पर हमला करने वाले गुटखा माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर सरकार बेहद गंभीर है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दोषियों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
मंत्री झिरवाळ ने पुलिस प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को मामले की गहन जांच कर दोषियों तथा संबंधित गुटखा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा, “सरकारी अधिकारी जनता के स्वास्थ्य और हितों की रक्षा के लिए काम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के शासन पर हमला है, जिसे किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
राज्यभर में गुटखा विरोधी अभियान से माफियाओं में खलबली
गौरतलब है कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग पिछले कुछ दिनों से राज्यभर में गुटखा, पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ व्यापक अभियान चला रहा है। लगातार हो रही छापेमारी और जब्ती की कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन का मानना है कि इसी दबाव के कारण कुछ असामाजिक तत्व सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने और अधिकारियों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री झिरवाळ ने कहा कि सरकार ऐसे किसी भी दबाव या धमकी के आगे झुकने वाली नहीं है। अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान और अधिक तीव्रता से जारी रहेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि “कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।”

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments