
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने उद्योगपति रतन टाटा के आवास पर पहुंचकर उद्योग रत्न अवार्ड से सम्मानित किया। बता दें कि रतन टाटा अपने खराब स्वास्थ्य के कारण पुरस्कार समारोह में भाग नहीं लेंगे। जिसकी वजह से महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें सम्मानित किया। बता दें कि महाराष्ट्र सरकार ने पिछले २८ जुलाई को महाराष्ट्र उद्योग रत्न पुरस्कार रतन टाटा को देने की घोषणा की थी। उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बताया कि यह पुरस्कार महाराष्ट्र में काम करने वाले इंडस्ट्रियलिस्ट को दिया जाएगा। युवा और महिला उद्यमियों की हौसला अफजाई के लिए सरकार ने पुरस्कार देने का फैसला किया है। रतन टाटा अपनी सादगी के लिए भी मशहूर हैं। रतन टाटा ने १९९१ में टाटा ग्रुप की कमान संभाली थी। इसके बाद उन्होंने अपने कारोबारी फैसलों से टाटा समूह को कई देशों तक पहुंचा दिया। ऑटोमोबाइल के अलावा संचार,केमिकल सेक्टर में टाटा समूह का दखल बढ़ा। वह २०१२ तक टाटा सन्स के चेयरमैन रहे। रतन टाटा को २००० में पद्म भूषण और २००८ में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।