
नागपुर। महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ते नगरीकरण को देखते हुए राज्य सरकार शहरी सुविधाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी क्रम में पुणे महानगर क्षेत्र में 220 विकास परियोजनाओं के लिए कुल 32,523 करोड़ रुपए की निधि मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में विधान भवन स्थित मंत्रीपरिषद सभागृह में आयोजित पुणे महानगर नियोजन समिति की पाँचवीं बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार, मंत्री चंद्रकांत पाटिल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने निर्देश दिया कि पुणे महानगर के लिए निर्धारित समय सीमा में ‘स्ट्रक्चर प्लान’ तैयार किया जाए, जिसमें भविष्य की जनसंख्या वृद्धि और नगरीकरण को ध्यान में रखा जाए। शहर विकास का आराखड़ा सड़क विकास की योजना के बाद ही बनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी क्षेत्र के विकास की ज़िम्मेदारी कई प्राधिकरणों को न देकर एक ही प्राधिकरण द्वारा पूरी की जाए, ताकि कार्यों में देरी न हो। साथ ही 30 जून 2021 को पुणे महापालिका में सम्मिलित 23 गांवों का विकास नियोजन भी पीएमसी द्वारा किया जाए। फडणवीस ने पुणे शहर में माण–म्हाळुंगे टाउनशिप योजना को तेजी से पूरा करने, 15 एकीकृत टाउन प्लानिंग योजनाओं के कार्य में देरी न होने और उनकी समयसीमा तय करने का आदेश दिया। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय के पास बने नए उड्डाणपुल को औपचारिक लोकार्पण का इंतजार किए बिना तुरंत जनता के लिए खोलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुणे की ‘कॉम्प्रेहेन्सिव मोबिलिटी प्लान’ समिति सदस्यों की राय लेकर तैयार की जाए। बैठक में मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल, अपर मुख्य सचिव वित्त ओ. पी. गुप्ता, नगर विकास अपर मुख्य सचिव असीम कुमार गुप्ता, विभागीय आयुक्त एवं पुणे महापालिका आयुक्त वीडियो कॉन्फ़्रेंसिंग से जुड़े। पुणे महानगर आयुक्त योगेश म्हसे ने विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
पुणे महानगर क्षेत्र में चल रहे प्रमुख विकास कार्य:
– 589 किमी लंबे 127 सड़क कार्य
– 83 किमी रिंग रोड परियोजना
– औद्योगिक क्षेत्रों, विकास केंद्रों व हवाईअड्डे से संपर्क के लिए सड़क कार्य
– 3 पुल/उड्डाणपुल परियोजनाएँ
– 3 आवास परियोजनाएँ
– 4 पानी आपूर्ति परियोजनाएँ (वाघोली योजना पूर्ण)
जल्द शुरू होने वाले कार्य:
– पवना, इंद्रायणी, मुळा, मुठा नदियों के पुनरुज्जीवन की परियोजनाएँ
– ट्रैफिक जाम समाधान हेतु 17 परियोजनाएँ
– 10 पर्यटन विकास केंद्र
– 1 स्कायवॉक परियोजना
– 5 मल्टी-मॉडल हब
– येरवडा–कात्रज 20 किमी लंबी सुरंग सड़क (7,500 करोड़ रुपए अनुमानित लागत, फिजीबिलिटी स्टडी जारी)
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से पुणे महानगर क्षेत्र में यातायात, आवास, जलापूर्ति व शहरी ढांचे में व्यापक सुधार होगा।




