उल्हासनगर में दिनदहाड़े गोलीबारी, रेलवे स्टेशन के पास हरीश गजवानी की गोली मारकर हत्या

कैंप-4 में सिर में दो गोलियां मारकर हमलावर फरार, पुरानी रंजिश की आशंका; विठ्ठलवाड़ी पुलिस जांच में जुटी

इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे जिले के उल्हासनगर शहर में बुधवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गई। उल्हासनगर रेलवे स्टेशन के नजदीक कैंप नंबर-4 इलाके में अज्ञात हमलावरों ने हरीश गजवानी नामक व्यक्ति पर बेहद करीब से गोलियां चला दीं। सिर में दो गोलियां लगने से गजवानी की मौके पर ही मौत होने की जानकारी सामने आई है। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए।प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हरीश गजवानी कैंप-4 इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान हमलावर अचानक उनके पास पहुंचे और पिस्तौल से दो राउंड फायरिंग कर दी। दोनों गोलियां उनके सिर में लगीं और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।घटनास्थल रेलवे स्टेशन के बेहद करीब होने के कारण यहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में घटना को लेकर भय और नाराजगी का माहौल है।घटना की जानकारी मिलते ही विठ्ठलवाड़ी पुलिस और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शंकर अवताड़े मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस फरार हमलावरों की तलाश में जुटी है।उल्हासनगर में इससे पहले भी गोलीबारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में कैंप-4 जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का डर क्यों नहीं दिखाई दे रहा है?अब पुलिस के सामने हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और हत्या के पीछे की वजह का खुलासा करने की चुनौती है। नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *