पुरानी रंजिश में गोलीबारी और मारपीट, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

भदोही के नेवादा कला गांव में सुबह 5:30 बजे हुई घटना, पैर में गोली लगने से एक की हालत गंभीर


भदोही, उत्तर प्रदेश। कोतवाली क्षेत्र के नयेपुरा नेवादा कला गांव में मंगलवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर गोलीबारी और मारपीट की घटना सामने आई। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। सभी को तत्काल भदोही के एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि गांव निवासी रणधीर सिंह और उनकी पत्नी बबीता को विपक्षी रविंद्र सिंह और उनके परिवार के लोगों ने बुरी तरह पीटा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में सामने आया कि रविंद्र के परिवार के लोगों ने रणधीर के परिवार को घसीटकर पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
एक साल पुरानी रंजिश को लेकर फिर बढ़ा विवाद
एएसपी ने बताया कि जांच में पता चला कि करीब एक साल पहले दोनों परिवारों के लड़का-लड़की साथ भाग गए थे। तभी से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था। करीब 15-16 दिन पहले भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई थी। इसी रंजिश को लेकर मंगलवार सुबह फिर विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हुई। घटना में एक पक्ष से अपने नाना के घर आए संदीप सिंह (24), पुत्र राज बहादुर सिंह, निवासी अस्ति घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से रणधीर सिंह उर्फ रंधा (45), पुत्र स्वर्गीय राज बहादुर सिंह, और उनकी पत्नी बबीता सिंह (41), निवासी नेवादा कला, घायल हो गए। रणधीर सिंह के पैर में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार की घटना के संबंध में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *