ठाणे के कोपरी में पत्रकार सोसाइटी के मीटर रूम में लगी आग, 14 बिजली मीटर जलकर खाक


ठाणे। ठाणे पूर्व के कोपरी इलाके में चेंदानी कोलीवाड़ा स्थित अष्टविनायक चौक की पत्रकार सोसाइटी के इलेक्ट्रिक मीटर बॉक्स रूम में बुधवार, 23 सितंबर की देर रात अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MSEDCL) के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन 14 बिजली मीटर बॉक्स जलकर खाक हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राउंड प्लस तीन मंजिला रिहायशी इमारत के भूतल पर स्थित MSEDCL के इलेक्ट्रिक मीटर बॉक्स रूम में आग लगी थी। स्थानीय दमकल विभाग को रात करीब 12:20 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद एक फायर टेंडर और दमकलकर्मियों की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। MSEDCL के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। मीटर रूम में लगी आग के कारण इमारत में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दमकलकर्मियों ने आग को ऊपर की रिहायशी मंजिलों तक फैलने से रोकने के लिए तेजी से अभियान चलाया और करीब रात 1 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।अग्निकांड में MSEDCL के कुल 14 इलेक्ट्रिक मीटर बॉक्स पूरी तरह जल गए। बिजली से जुड़े उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। आग लगने के सही कारण का फिलहाल आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है। वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन करने और प्रभावित इमारत की विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *