पालघर में मिलावटी खाद्य पदार्थों पर FDA की बड़ी कार्रवाई, दो महीने में 90 प्रतिष्ठानों की जांच

खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जब्त किया लाखों रुपये का खाद्य पदार्थों का स्टॉक, त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा

पालघर। दिवाली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पालघर जिले में विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत 1 सितंबर से 31 अक्टूबर तक दो महीने में कुल 90 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। प्रशासन ने खोवा, मावा, मसाले, खाद्य तेल और प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के भंडारण एवं बिक्री में अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जांच अभियान तेज किया। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से बड़ी मात्रा में खाद्य पदार्थों का स्टॉक जब्त किया गया। प्रशासन की कार्रवाई के दौरान दो प्रतिष्ठानों से करीब 7,716.9 किलोग्राम खाद्य पदार्थों का स्टॉक जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख 12 हजार 960 रुपये बताई गई है। वहीं, खाद्य तेल के तीन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए करीब 1,944 किलोग्राम तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 5 लाख 7 हजार रुपये है।इसके अलावा प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के भंडारण को लेकर छह स्थानों पर छापेमारी की गई। यहां से करीब 2 करोड़ 26 लाख 99 हजार 932 रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त किया गया।कार्रवाई के दौरान दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की गई। साथ ही समझौता शुल्क और दंड के रूप में 4 लाख 53 हजार रुपये वसूल किए गए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें खाद्य पदार्थों में मिलावट या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो तत्काल प्रशासन से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *