पुणे की इंडुकेअर फार्मास्युटिकल पर FDA का फिर शिकंजा, नौ दवाओं के उत्पादन लाइसेंस रद्द

दो दवाओं में एक भी सक्रिय घटक नहीं मिला, सभी नौ दवाएं अप्रमाणित, मिसब्रांडेड या नकली पाई गईं, वाईसीएम अस्पताल से 1.72 करोड़ रुपये का दवा स्टॉक भी जब्त

पुणे। बनावटी और अप्रमाणित दवाओं के निर्माण के मामले में पुणे की इंडुकेअर फार्मास्युटिकल एंड रिसर्च फाउंडेशन पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। बिना उत्पादन अनुमति के नौ दवाओं का निर्माण और बिक्री किए जाने का खुलासा होने के बाद संस्थान के उत्पादन लाइसेंस दोबारा रद्द कर दिए गए हैं। सरकारी जांच में सभी नौ दवाएं अप्रमाणित, मिसब्रांडेड या नकली पाई गईं। इनमें से दो दवाओं में तो मूल सक्रिय घटक ही मौजूद नहीं था। जेजुरी स्थित अतिरिक्त एमआईडीसी के उत्पादन केंद्र से लिए गए दवाओं के नमूनों की मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी विश्लेषकों ने जांच की। संस्थान ने अपने लिखित जवाब में स्वीकार किया कि उसने इन नौ दवाओं के लिए अलग से उत्पादन अनुमति नहीं ली थी। यह औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 की धारा 18(सी) का उल्लंघन है।
दो दवाओं में सक्रिय घटक पूरी तरह गायब
जांच में इबुकेयर प्लस में इबुप्रोफेन नहीं मिला। वहीं केयरविटा-एम में विटामिन बी समूह, फोलिक एसिड, विटामिन सी, नियासिनामाइड, कैल्शियम पैंटोथेनेट और मैग्नीशियम में से एक भी घटक मौजूद नहीं पाया गया। इसके चलते दोनों दवाओं को नकली घोषित किया गया। अन्य दवाओं की जांच में भी सक्रिय घटकों की मात्रा निर्धारित स्तर से काफी कम मिली। केयरजिंक में विटामिन सी 72.73 प्रतिशत, केयरपांटा डी-2 में पैंटोप्राजोल 40.905 प्रतिशत और डॉम्पेरिडोन 75.35 प्रतिशत पाया गया। आई-सार्टन एम में मेटोप्रोलॉल की मात्रा 62.28 प्रतिशत और केयरस्प्रिन 75 में सक्रिय घटक 74.87 प्रतिशत मिला। कुछ दवाएं घुलनशीलता परीक्षण में भी विफल रहीं।
वाईसीएम अस्पताल से 1.72 करोड़ का दवा स्टॉक जब्त
इससे पहले संस्थान ने 550 किलोग्राम से अधिक मेट्रोनिडाजोल के इस्तेमाल का रिकॉर्ड रखे बिना केयरगिल-400 की 13 लाख 86 हजार गोलियां तैयार की थीं। जांच में इन गोलियों में सक्रिय घटक की मात्रा महज 32.44 प्रतिशत पाई गई थी। इनमें से पांच लाख 20 हजार गोलियों का वितरण भी हो चुका था। इसके बाद 4 नवंबर को वाईसीएम अस्पताल से इस निर्माता की 1.72 करोड़ रुपये की अप्रमाणित दवाओं का स्टॉक जब्त किया गया। जुलाई में हुई जांच के दौरान उत्पादन और पैकिंग रिकॉर्ड नहीं होना, गलत तारीखें, बैच में गड़बड़ी, प्रयोगशाला उपकरणों का कैलिब्रेशन नहीं होना, अस्वच्छता और दवाओं के अनुचित भंडारण सहित 25 गंभीर खामियां सामने आई थीं। इन्हीं अनियमितताओं के आधार पर 7 सितंबर को संस्थान के लाइसेंस रद्द किए गए थे। अगस्त में हुई दोबारा जांच में भी खामियां बरकरार मिलीं। नौ दवाओं के मामले में 29 अक्टूबर को संस्थान को नोटिस जारी किया गया था और 23 नवंबर को सुनवाई हुई। इस दौरान संस्थान की ओर से मरीजों की कोई शिकायत नहीं मिलने का तर्क दिया गया, जिसे FDA ने खारिज कर दिया। सह आयुक्त (औषधि), पुणे विभाग ने सोमवार (23 नवंबर) को फॉर्म 25 और 28 के तहत संस्थान के उत्पादन लाइसेंस फिर से रद्द करने का आदेश जारी किया। इसके साथ ही उत्पादन, पैकिंग, जांच और वितरण पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में न्यायालयीन कार्रवाई भी प्रस्तावित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *