छोटी घटनाओं पर भी खुद नजर रखें DM-SP, लापरवाही बर्दाश्त नहीं: सीएम योगी

‘जनता दर्शन’ में पुलिस-राजस्व की शिकायतें अधिक आने पर मुख्यमंत्री सख्त; पीड़ितों की तत्काल सुनवाई और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने वाले लोग मामूली घटनाओं को बड़ा रूप देने का प्रयास करते हैं, इसलिए जिलाधिकारी और एसपी छोटी से छोटी घटना पर स्वयं नजर रखें। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें, पीड़ितों की सुनवाई करें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटी घटनाओं में भी उदासीनता और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ‘जनता दर्शन’ में पुलिस और राजस्व से जुड़ी शिकायतें अधिक आने पर मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से जनसमस्याओं के समाधान की निगरानी करने को कहा। भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। मां के साथ आए एक छोटे बच्चे को मुख्यमंत्री ने चॉकलेट दी और फिर मजाक में वापस मांगी। बच्चे ने चॉकलेट लौटाने से इनकार कर दिया तो हॉल में मौजूद लोग खिलखिला उठे। मुख्यमंत्री ने बच्चे को मन लगाकर पढ़ने और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *