इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन को लेकर डीएम-एसएसपी ने की ब्रीफिंग
जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व पारदर्शी मतदान के निर्देश

झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार, 21 अक्टूबर को प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा की। पोलिंग पार्टी प्रस्थान एवं मतगणना स्थल बीकेडी, झांसी में जिलाधिकारी गौरांग राठी और एसएसपी विकास कुमार ने समस्त जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के दौरान निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को उनके कार्य और दायित्वों की जानकारी दी गई। साथ ही मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन कराने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं, ताकि मतदान से लेकर पोलिंग पार्टियों की वापसी तक पूरी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
