बकाया वेतन से परेशान शिक्षिका पेट्रोल लेकर कुलपति कार्यालय पहुंची, आत्महत्या की दी धमकी

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। शुआट्स सोसायटी से जुड़ी एक शिक्षिका बकाया वेतन न मिलने से परेशान होकर बृहस्पतिवार को पेट्रोल लेकर कुलपति कार्यालय पहुंच गई। कुलपति से मुलाकात नहीं होने पर वह कार्यालय के मुख्य गेट पर बैठ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। सूचना मिलने पर पहुंची 112 नंबर पुलिस ने शिक्षिका को समझाकर वहां से वापस भेजा। बकाया वेतन की मांग को लेकर विश्वविद्यालय के शिक्षक मंगलवार से परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। शिक्षकों का आरोप है कि दिवाली के त्योहार के बावजूद उनका बकाया वेतन नहीं दिया गया और प्रबंधन के अधिकारी उनसे बातचीत करने भी नहीं पहुंचे। इसी से परेशान होकर विश्वविद्यालय के विस्तार निदेशालय में हिंदी अधिकारी के पद पर कार्यरत मीना नाथन बृहस्पतिवार को कुलपति कार्यालय पहुंचीं। कार्यालय का मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह पेट्रोल लेकर गेट पर बैठ गईं और वेतन नहीं मिलने पर आत्महत्या करने की बात कहने लगीं। उनके समर्थन में कुछ अन्य शिक्षक भी वहां पहुंच गए। सूचना पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुलपति के पीए ने गेट पर आकर शिक्षिका को ऑनलाइन बैठक का हवाला देते हुए शाम पांच बजे मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। इस बीच शिक्षकों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन के कुछ अधिकारी कुलपति को पीछे के गेट से बाहर ले गए। पुलिसकर्मियों और शिक्षकों के समझाने पर शिक्षिका वहां से लौट गईं। उन्होंने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी कौशल सक्सेना ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए प्रबंधन फंड जुटाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीना नाथन ने प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया और रोकने पर महिला सुरक्षा गार्ड के साथ हाथापाई व अभद्रता की। इस संबंध में पुलिस प्रशासन से शिकायत की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *