उन्नाव में परिवार परामर्श केंद्र की पहल से 23 दंपतियों के विवाद सुलझे, फिर से एक साथ रहने को हुए राजी
परिवार परामर्श केंद्र और महिला हेल्प डेस्क की काउंसलिंग से दूर हुई पति-पत्नी की नाराजगी, टूटने से बचे परिवार

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र एवं विभिन्न थानों में संचालित महिला हेल्प डेस्क की पहल से आपसी विवाद के कारण अलग रह रहे 23 दंपतियों के बीच सुलह कराई गई। परिवार परामर्शदाताओं और महिला हेल्प डेस्क की टीम ने पति-पत्नी को बुलाकर उनकी काउंसलिंग की तथा आपसी मतभेद दूर कर परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया। काउंसलिंग के बाद सभी दंपतियों ने भविष्य में बिना विवाद के साथ रहने का वादा किया। परिवार परामर्श केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क की टीम ने पति-पत्नी के बीच उत्पन्न विवादों को गंभीरता से सुना और आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान निकाला। समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्षों ने अपने मतभेद भुलाकर नए सिरे से पारिवारिक जीवन शुरू करने पर सहमति जताई। इस दौरान परिवार परामर्श केंद्र से चार और महिला थाने से चार, थाना मौरावां से तीन, थाना बारासगवर, सोहरामऊ एवं पुरवा से दो-दो तथा थाना दही, आसीवन, बीघापुर और औरास से एक-एक जोड़े के बीच सुलह कराई गई। सभी दंपतियों को आपसी समझदारी और सौहार्द के साथ रहने के संकल्प के साथ विदा किया गया। इस कार्य में परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, प्रभा यादव, डॉ. शशि रंजना अग्निहोत्री, डॉ. एस.के. पांडेय, डॉ. मनीष सिंह सेंगर, संजय चौरसिया और सहयोगी शिवेंद्र सिंह चौहान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं, पुलिस टीम में परिवार परामर्श केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क की प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमारी, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, महिला उपनिरीक्षक मिथिलेश वर्मा तथा महिला आरक्षी नीतू सिंह, पूनम शाक्य, तरुन रानी, सीता यादव, स्वाती, आकांक्षा, बबली, आकांक्षा सेंगर, सीमा देवी, पूनम यादव, सुकीर्ती सिंह और रूबी यादव ने विशेष सहयोग दिया। परिवार परामर्श केंद्र और महिला हेल्प डेस्क की इस पहल से आपसी विवादों के कारण बिखरने की स्थिति में पहुंचे परिवारों को एक बार फिर साथ रहने का अवसर मिला।
