परिसीमन विधेयक पर शरद पवार गुट में मतभेद? जितेंद्र आव्हाड के समर्थन के बयान से बढ़ा सियासी असमंजस

सुप्रिया सुले और अमोल कोल्हे ने कहा- विधेयक का मसौदा पढ़ने के बाद ही लेंगे फैसला, आव्हाड के बयान के बाद पार्टी को देनी पड़ी सफाई

मुंबई। मतदारसंघ परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की भूमिका को लेकर शुक्रवार को सियासी असमंजस की स्थिति बन गई। दिनभर पार्टी के रुख को लेकर चर्चाओं के बीच शाम को विधायक जितेंद्र आव्हाड ने विधेयक को समर्थन देने की बात कही। हालांकि, कुछ ही देर बाद सांसद सुप्रिया सुले और पार्टी के मुख्य सचेतक अमोल कोल्हे ने अलग रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि विधेयक का मसौदा पढ़े बिना समर्थन या विरोध का फैसला नहीं किया जाएगा। इससे पार्टी की आधिकारिक भूमिका को लेकर भ्रम और बढ़ गया। मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि सुप्रिया सुले ने आठ सांसदों के साथ चर्चा कर जो निर्णय लिया है, वही अंतिम होगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया है और सांसद विधेयक का अध्ययन करेंगे। आव्हाड के इस बयान से ऐसा संकेत मिला कि पार्टी परिसीमन विधेयक के समर्थन में है।
सुप्रिया सुले बोलीं- सदन में स्पष्ट होगी पार्टी की भूमिका
आव्हाड के बयान के बाद सांसद और पार्टी की कार्याध्यक्षा सुप्रिया सुले ने अपनी भूमिका स्पष्ट की। न्यूज 18 मराठी से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी का रुख सदन में सामने आएगा। विधेयक का मसौदा पढ़े बिना कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। सभी सांसद और नेता बैठकर चर्चा करेंगे। सुले ने कहा कि संभव है कि जितेंद्र आव्हाड ने मीडिया में आई 50 प्रतिशत सीटों और महिला आरक्षण से जुड़ी खबरों के आधार पर बयान दिया हो, लेकिन विधेयक के मसौदे की बारीकियां समझे बिना प्रतिक्रिया देना उचित नहीं है।
अमोल कोल्हे ने भी मसौदा आने तक निर्णय टाला
पार्टी के मुख्य सचेतक अमोल कोल्हे ने भी कहा कि परिसीमन विधेयक का मसौदा सामने आए बिना समर्थन का निर्णय नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि संसद में विधेयक का मसौदा आने के बाद ही उसके प्रावधानों पर विचार करना उचित होगा। अभी मसौदा उपलब्ध नहीं है, इसलिए पार्टी की ओर से घोषणा करना जल्दबाजी होगी। कोल्हे ने कहा कि किसी भी विधेयक का समर्थन या विरोध करने के पीछे ठोस कारण होना चाहिए। विरोध करना है तो किस आधार पर और समर्थन देना है तो किन कारणों से, यह मसौदे के प्रावधानों को समझने के बाद ही तय किया जा सकता है। मंत्रिमंडल के निर्णय से जुड़े कुछ बिंदु सामने आए हैं, लेकिन विधेयक के वास्तविक मसौदे और उसकी बारीकियों का अध्ययन जरूरी है। इस तरह जितेंद्र आव्हाड के समर्थन वाले बयान और सुप्रिया सुले तथा अमोल कोल्हे की सावधानीपूर्ण प्रतिक्रिया के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पार्टी का अंतिम निर्णय विधेयक का मसौदा सामने आने और उस पर चर्चा के बाद ही स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *