
भूपेन्द्र सिंह/उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव जिला दैनिक यात्री संघ ने यात्रियों की सुविधाओं को लेकर रेलवे प्रशासन के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। संघ के अध्यक्ष मुर्तजा हैदर रिजवी और विधिक सलाहकार मुज्तबा हैदर रिजवी ने रेल मंडल के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए यात्रियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की। संघ ने बताया कि 2 अप्रैल से 13 मई तक गंगा ब्रिज पर स्लीपर बदलने का कार्य प्रस्तावित है, जिससे ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ेगा। ऐसे में उन्होंने मांग की है कि इस अवधि में शुक्लागंज से लखनऊ तक मेमो ट्रेनों का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी न हो और वे समय पर अपने कार्यस्थलों तक पहुंच सकें। इसके अलावा, कोरोना काल से बंद पड़ी ट्रेन संख्या 24227/24228 वरुणा इंटरसिटी एक्सप्रेस (कानपुर से बनारस) को पुनः शुरू करने की मांग भी उठाई गई है। साथ ही ट्रेन संख्या 14221/14222 कानपुर–अयोध्या इंटरसिटी के संचालन को फिर से बहाल करने की अपील की गई है। यात्री संघ ने रेलवे स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की भी मांग की है। इसमें प्लेटफॉर्म नंबर 1, 4 और 5 पर कोच गाइडेंस डिस्प्ले सिस्टम लगाने, प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर पूरे क्षेत्र में शेड निर्माण कराने और कोरोना काल के बाद बंद हुई सभी मेमो ट्रेनों को दोबारा शुरू करने की मांग शामिल है। संघ का कहना है कि यदि शुक्लागंज से लखनऊ के बीच मेमो ट्रेन सेवा शुरू की जाती है, तो हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा भी मिल सकेगी।




