सोने की कीमतों में गिरावट का श्रेय पीएम मोदी की अपील को: प्रताप सरनाईक

संजय राउत पर निशाना साधते हुए बोले- सुबह उठते ही उन्हें किसी न किसी पर आरोप लगाने की रहती है आदत

मुंबई। महाराष्ट्र के मंत्री प्रताप सरनाईक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद देश में सोने की खरीदारी कम हुई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें घटने का लाभ भारतीय उपभोक्ताओं को भी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की अधिक खरीदारी के कारण कीमतें बढ़ रही थीं, लेकिन प्रधानमंत्री की अपील के बाद सोने के दाम करीब 30 से 40 हजार रुपये तक कम हुए हैं। सरनाईक के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने हाल ही में देशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा था कि लोगों ने उनकी अपील पर सोने की खरीदारी नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब देश की जनता से किसी विषय पर अपील करते हैं तो उसका सकारात्मक असर दिखाई देता है। कोरोना काल और नोटबंदी के दौरान भी प्रधानमंत्री की अपील का लाभ मिलने की बात उन्होंने कही। सरनाईक ने दावा किया कि वैश्विक स्तर पर भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रति सकारात्मक नजरिया है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इसकी सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है। शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद संजय राऊत की आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए सरनाईक ने कहा कि राऊत सुबह उठते ही तय कर लेते हैं कि किस पर निशाना साधना है। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित बड़े नेताओं की आलोचना करते रहते हैं। सरनाईक ने आरोप लगाया कि राऊत अच्छे कामों पर भी आलोचना करने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने सांसदों और विधायकों को 50 करोड़, 100 करोड़ और 150 करोड़ रुपये मिलने संबंधी राऊत के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि वे ऐसे आंकड़े बताते हैं, मानो भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर हों। सरनाईक ने कहा कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सरकार बनने के समय भी राऊत ने विधायकों को 50 करोड़ रुपये मिलने के आरोप लगाए थे, लेकिन इसके बावजूद महाराष्ट्र की जनता ने उन्हें दोबारा सत्ता सौंपी। उन्होंने यह भी कहा कि दिवंगत नेता अजित पवार के संबंध में राऊत ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, इसलिए इस मुद्दे को आगे बढ़ाना उचित नहीं है। सरनाईक ने कहा कि किसी दिवंगत नेता के प्रति सम्मान व्यक्त करना ही उचित है। वहीं, टीपू सुल्तान जयंती मनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी नहीं है, लेकिन राज्य में कई स्थानों पर गलत तरीके से जयंती और पुण्यतिथि मनाए जाने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *