
मुंबई। मुंबई में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। बीजेपी विधायक राम कदम के पर्सनल बॉडीगार्ड पर दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर हमला किया गया। यह घटना विक्रोली वेस्ट के पार्कसाइट इलाके में हुई, जहां हमलावरों ने बॉडीगार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पार्कसाइट पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान महेंद्र प्रल्हाद यादव (47) के रूप में हुई है, जो घाटकोपर वेस्ट का निवासी है और वर्ष 2009 से विधायक राम कदम के पर्सनल बॉडीगार्ड के तौर पर तैनात है। 15 जनवरी को दोपहर करीब 1 बजे यादव अपने परिचित सखाहारी भागूजी दातिर के साथ सेवगिरी सोसाइटी के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका और पता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। कुछ देर बाद उन युवकों ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। थोड़ी ही देर में अजय मांडलिक, उसका साथी प्रशांत धुमाल और कुछ अन्य युवक वहां पहुंचे। यादव ने पुलिस को बताया कि वह अजय मांडलिक और प्रशांत धुमाल को पहले से जानता था। आरोप है कि अजय मांडलिक ने अचानक एक रिवॉल्वर निकालकर यादव के चेहरे पर तान दी और उससे इलाके में मौजूद होने को लेकर सवाल-जवाब करने लगा। इसके बाद आरोपियों ने यादव के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान मांडलिक ने उसी हथियार से यादव के सिर के पिछले हिस्से पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब सखाहारी दातिर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते वह पीछे हट गया। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल यादव किसी तरह अपने घर पहुंचा और निजी अस्पताल में इलाज कराया। हालत में सुधार होने के बाद उसने पार्कसाइट पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अजय मांडलिक, प्रशांत धुमाल और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट, आपराधिक धमकी और हथियार से हमला करने की धाराओं में मामला दर्ज किया है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि घटना में इस्तेमाल किया गया रिवॉल्वर असली था या नकली। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद एक विधायक के बॉडीगार्ड पर खुलेआम हुए हमले को लेकर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।




