उन्नाव में सरदार पटेल की स्मृति में पार्क, स्मृति द्वार और सेल्फी प्वाइंट का निर्माण
ओपन जिम और मूर्ति स्थापना से बढ़ेंगी जनसुविधाएं, जयंती पर पटेल पार्क में होगा मूर्ति अनावरण

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। लौहपुरुष भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अतुलनीय योगदान को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से जनपद में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। इन कार्यों के माध्यम से सरदार पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में बताया कि आवास विकास कॉलोनी में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से सरदार पटेल की स्मृति में पार्क का निर्माण कराया गया है। शहर के प्रवेश मार्ग पर बाईपास के पास स्मृति स्थल भी विकसित किया गया है। वहीं, सिविल लाइंस में कचहरी के प्रवेश मार्ग पर विधायक निधि से लौहपुरुष सरदार पटेल स्मृति द्वार बनाया गया है। इसी क्षेत्र में उनकी स्मृति में भव्य सेल्फी प्वाइंट का भी निर्माण कराया गया है।
सिकंदर सरोसी ब्लॉक परिसर में मूर्ति, पार्क और ओपन जिम
विधायक पंकज गुप्ता ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास को गति देने के लिए विकासखंड सिकंदर सरोसी के ब्लॉक परिसर में सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति स्थापित की गई है। इसके साथ ही परिसर में पार्क और ओपन जिम का निर्माण कराया गया है। इन सुविधाओं से स्थानीय नागरिकों को सार्वजनिक स्थल के साथ व्यायाम और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी।
पटेल पार्क में मूर्ति स्थापना का कार्य पूरा
जिला मुख्यालय स्थित पटेल पार्क में भी सरदार वल्लभभाई पटेल की मूर्ति स्थापित करने का कार्य पूरा हो चुका है। उनकी जयंती के अवसर पर मूर्ति के अनावरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इन स्मृति स्थलों का उद्देश्य सरदार पटेल के विचारों, राष्ट्र की एकता और अखंडता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा उनके आदर्शों को समाज में जीवंत बनाए रखना है। साथ ही, विकसित किए जा रहे पार्क, स्मृति द्वार और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होंगी और उन्नाव की पहचान को भी नई मजबूती प्रदान करेंगी। इस अवसर पर विकास संस्थान के प्रबंधक अशोक पटेल, महिला जिला अध्यक्ष निम्मी अरोड़ा, संयोजक राम सुमेर सिंह, सभासद अशोक सिंह (मुन्ना), उपाध्यक्ष डॉ.राजेश सिंह, कार्यक्रम प्रभारी सुखसागर, सदस्य प्रवेध समिति अनिल पटेल, संरक्षक रश्मि मोहन अग्निहोत्री, सांस्कृतिक संयोजक डॉ. मनीष सिंह सेंगर और शैमी वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
