सीएम योगी का अखिलेश पर तीखा हमला: अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों से मांगें माफी, सपा के लिए अब ‘राम नाम सत्य’ का समय
सपा-कांग्रेस गठबंधन को चुनाव से पहले ही बताया विफल, पीडीए की नई व्याख्या कर कसा तंज, कानून-व्यवस्था, निवेश और रोजगार के मुद्दे पर गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ तीखा हमला बोलते हुए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमा दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। अखिलेश यादव को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। बुधवार को एक टीवी मीडिया समूह को दिए साक्षात्कार में मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है। उन्होंने सपा की राजनीति को परिवार तक सीमित बताते हुए पीडीए की नई व्याख्या की। योगी ने कहा कि पीडीए का अर्थ ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। उनके मुताबिक, सपा की राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जबकि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना एक संन्यासी का दायित्व है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन को चुनाव से पहले ही बताया विफल
योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए इसे चुनाव से पहले ही विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। दोनों दलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर चुनाव लड़ेंगे तथा प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार होगा।
एसआईआर पर विपक्ष को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए। मृतकों और स्थान बदल चुके मतदाताओं के नाम हटाना जरूरी है। हालांकि, किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम सूची से नहीं कटना चाहिए, लेकिन विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता।
कट्टा-बम से ब्रह्मोस निर्माण तक का दावा
कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर पिछली सरकारों को घेरते हुए योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था का माहौल था। उस समय कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं। देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एमएसएमई और ओडीओपी के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जबकि अब 17 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय हैं। इसके अलावा सात शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है।
पौने दस लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का दावा
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक करीब पौने दस लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े दस लाख करने का लक्ष्य है। युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए पहले चरण में 60 लाख टैबलेट वितरित किए गए हैं और दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी है। युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर सख्त संदेश
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर योगी ने सख्त लहजे में कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं—जेल या जहन्नुम। उन्होंने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने और नोएडा जाने से जुड़े पुराने अंधविश्वास को तोड़ने का भी उल्लेख किया।
