
ठाणे। तीर्थक्षेत्र श्री पिंपळेश्वर महादेव मंदिर देवस्थान को मंत्रिमंडल के निर्णय के माध्यम से नाममात्र दर पर 4 एकड़ 25 गुंठे भूमि उपलब्ध कराए जाने के उपलक्ष्य में देवस्थान ट्रस्ट द्वारा सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सार्वजनिक सम्मान एवं कृतज्ञता समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों के हस्ते स्मारक शिलापट्ट (कोनशिला) का अनावरण भी किया गया। समारोह में मंत्री उदय सामंत, सांसद श्रीकांत शिंदे, विधायक रवींद्र चव्हाणसहित कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
लंबे समय से लंबित मांग को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राजस्व एवं उद्योग विभाग के सकारात्मक सहयोग के कारण पिंपळेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ा वर्षों पुराना लंबित मामला आखिरकार सुलझ गया है। उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए भूमि उपलब्ध कराने को लेकर लंबे समय से चल रहा संघर्ष अब समाप्त हो गया है और यह केवल ट्रस्ट की नहीं, बल्कि सभी महादेव भक्तों की जीत है। उन्होंने इस निर्णय को श्रद्धालुओं की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
भूमि भगवान पिंपळेश्वर महादेव को समर्पित
मुख्यमंत्री ने समारोह में घोषणा की कि उपलब्ध कराई गई पूरी भूमि अब पिंपळेश्वर महादेव मंदिर को समर्पित कर दी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस भूमि पर धार्मिक, आध्यात्मिक और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र का धार्मिक महत्व और अधिक बढ़ेगा। समारोह के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं और ट्रस्ट पदाधिकारियों ने राज्य सरकार तथा मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।



