कृतज्ञता और राष्ट्रीय एकता का संगम है छठ महापर्व: मुख्यमंत्री फडणवीस

जुहू चौपाटी पर छठ उत्सव महासंघ के आयोजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री, हजारों श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया से लिया आशीर्वाद

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की प्रमुख उपस्थिति में छठ उत्सव महासंघ की ओर से आयोजित छठ महापर्व समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व कृतज्ञता, आस्था और राष्ट्रीय एकता का संगम है। भारतीय त्योहार हमारी प्राचीन और सनातन संस्कृति की अभिव्यक्ति हैं तथा समाज के सभी वर्गों को एक साथ लाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि छठ पूजा के अवसर पर जुहू चौपाटी पर एक ओर पानी का विशाल समुद्र और दूसरी ओर श्रद्धालुओं का जनसागर देखने को मिल रहा है। हजारों श्रद्धालु सूर्यनारायण को अर्घ्य अर्पित करने और छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि सूर्य ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है। उसके प्रकाश से ही जीव-जगत और वनस्पतियों का जीवन संभव है। मानव जीवन, खेती और परिवार के कल्याण के लिए सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने वाला छठ महापर्व विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि इस पूजा में डूबते और उगते, दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। सूर्यनारायण, जल और छठी मैया किसी के साथ भेदभाव नहीं करते। जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र या आर्थिक स्थिति का विचार किए बिना श्रद्धा से अर्घ्य अर्पित करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आशीर्वाद मिलता है। यही इस पर्व की व्यापक और समावेशी सीख है।
छठव्रती महिलाओं के लिए स्थायी सुविधाओं की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से छठव्रती माताओं और बहनों की सुरक्षा तथा उनकी सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं रात के समय भी पूजा के लिए चौपाटी पर उपस्थित रहती हैं। उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए स्थायी व्यवस्था विकसित की गई है। इस अवसर पर विधायक अमित साटम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *