Sunday, September 8, 2024
Google search engine
HomeMaharashtraरायगढ़ में 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, १२ लोगों की...

रायगढ़ में 200 फीट गहरी खाई में गिरी बस, १२ लोगों की मौत

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मुंबई-पुणे ओल्ड हाईवे पर खोपोली इलाके में शिंगरोबा मंदिर के पीछे एक निजी बस खाई में गिर गई। इस हादसे में बस में सवार १२ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि २५ से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस घायलों को बस से निकालने का प्रयास कर रही है। वहीं स्थानीय लोग भी रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस की मदद कर रहे हैं। रायगढ़ जिले के एसपी सोमनाथ घारगे ने बताया कि बस में ४० से ४५ यात्री सवार थे, जिसमें से १२ यात्रियों की मौत हो गई है, जबकि २५ से ज्यादा यात्री घायल हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अब भी चल रहा है। बस को निकालने के लिए क्रेन को बुलाया गया है। बस में गोरेगांव इलाके की एक संस्था से जुड़े लोग सवार थे। ये सभी पुणे में एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। पुणे से वापस लौटते समय इनकी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एसपी सोमनाथ घारगे के मुताबिक, बस लगभग २०० फीट गहरी खाई में गिरी है। अभी हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है कि ड्राइवर की लापरवाही से दुर्घटना हुई या अन्य कोई वजह हो सकती है, उसकी जांच की जाएगी। एसपी ने बताया कि घायलों को रेस्क्यू कर पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इनमें से जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बस जब खाई में गिरी तो तेज आवाज आई. आवाज सुनकर लगा कि कोई हादसा हुआ है। जब मौके पर पहुंचकर देखा गया तो बस दिखाई नहीं दे रही थी, क्योंकि २०० फीट गहरी खाई में गिरी थी। हम लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी। थाने की टीम जब मौके पर पहुंची तो नीचे उतर कर देखा गया। बस में लोग चीख-पुकार मचा रहे थे। आनन-फानन में बस के शीशे तोड़कर कुछ लोगों को निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments