HomeHealth & Fitnessअनिवार्य खुली जगह पर अवैध कब्जा करने वाले होटलों पर बीएमसी की...

अनिवार्य खुली जगह पर अवैध कब्जा करने वाले होटलों पर बीएमसी की कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों के हटाए गए अवैध निर्माण

मुंबई। सेवा क्षेत्र (सर्विस एरिया) के लिए निर्धारित अनिवार्य खुली जगह (कम्पल्सरी ओपन स्पेस) का दुरुपयोग कर उस पर अवैध निर्माण और आच्छादन करने वाले होटलों के खिलाफ बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी के निर्देश पर मुंबईभर में ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में के-पश्चिम विभाग कार्यालय की ओर से मंगलवार को अंधेरी (पश्चिम) स्थित वीरा देसाई रोड और ऑफिस न्यू लिंक रोड क्षेत्र के कई नामी होटलों में किए गए अवैध विस्तार और अतिक्रमण हटाए गए। कार्रवाई के दौरान उपयोग में लाई जा रही विभिन्न सामग्रियां भी जब्त की गईं।
चार नामी होटलों पर कार्रवाई
उपायुक्त (परिमंडल-4) भाग्यश्री कापसे के मार्गदर्शन तथा सहायक आयुक्त चक्रपाणी अल्ले के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान में स्वास्थ्य विभाग, लाइसेंस विभाग, अग्निशमन विभाग तथा भवन एवं कारखाना विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
कार्रवाई के दायरे में अंधेरी (पश्चिम) के वीरा देसाई रोड और ऑफिस न्यू लिंक रोड क्षेत्र स्थित What’s Your Bahana, Trov9, Juliet और Yazu होटल शामिल रहे। इन प्रतिष्ठानों द्वारा अनिवार्य खुली जगह का उपयोग कर किए गए अवैध निर्माणों को हटाया गया।
फर्नीचर और उपकरण जब्त
कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य एवं लाइसेंस विभाग की टीम ने 24 कुर्सियां, एक कुकिंग रेंज, एक माइक्रोवेव ओवन, तीन कूलर, एक इलेक्ट्रिक फ्रायर तथा दो स्पीकर जब्त किए। अधिकारियों के अनुसार ये सामग्री अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे क्षेत्र में रखी गई थी।
20 कर्मचारियों और जेसीबी की मदद से चला अभियान
अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने के लिए विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, मजदूरों और अग्निशमन दल के जवानों सहित कुल 20 कर्मियों को तैनात किया गया था। अवैध संरचनाओं को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का भी उपयोग किया गया। महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग और सुरक्षा के लिए आरक्षित खुली जगहों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments