BMC स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा रोबोटिक्स का आधुनिक प्रशिक्षण, IIT का सहयोग लेगी महानगरपालिका
50 शिक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने IIT पवई में लिया उन्नत प्रशिक्षण, ड्रोन, अल्फाबॉट और ‘लैब-इन-अ-बॉक्स’ का देखा प्रत्यक्ष प्रदर्शन

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय तकनीक और रोबोटिक्स की शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महानगरपालिका प्रशासन ने पहल की है। इसके लिए भारतीय औद्योगिक संस्थान (IIT) का सहयोग लेने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत महानगरपालिका स्कूलों के 50 शिक्षकों और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने पवई स्थित IIT का दौरा कर रोबोटिक्स का उन्नत प्रशिक्षण लिया। बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिडे और अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे के मार्गदर्शन में इस अध्ययन दौरे का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों को भविष्य की आधुनिक तकनीक से परिचित कराना, उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें उद्यमशील बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। अध्ययन दौरे के दौरान मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों तक आधुनिक तकनीक का लाभ किस तरह पहुंचाया जा सकता है, इस संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी गई। प्रो. डॉ. कवी आर्य और प्रो. डॉ. शिवराम कल्याणकृष्णन ने शिक्षकों को ‘ई-यंत्र’ (e-Yantra) परियोजना की जानकारी दी। प्रो. आर्य ने उम्मीद जताई कि ‘ई-यंत्र’ के माध्यम से महानगरपालिका स्कूलों के विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी और भविष्य में अपना स्टार्टअप शुरू करने की दिशा में भी यह पहल उपयोगी साबित हो सकती है। दौरे में शिक्षकों और अधिकारियों को विभिन्न उन्नत तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी दिखाया गया। इसमें ड्रोन, अल्फाबॉट लाइन फॉलोइंग और अन्य उन्नत रोबोटिक्स प्रोजेक्ट शामिल रहे। इसके साथ ही ‘लैब-इन-अ-बॉक्स’ का डेमो देकर यह बताया गया कि स्कूलों में सरल तरीके से आधुनिक प्रयोगशाला किस प्रकार स्थापित की जा सकती है। इस पहल के जरिए BMC स्कूलों के विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ रोबोटिक्स, आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी की जा रही है।
