तलवार से काटा बर्थडे केक, सोशल मीडिया की रील ने पहुंचा दिया पुलिस केस तक

तुर्भे MIDC की सार्वजनिक सड़क पर जन्मदिन मनाने का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान, तीन युवकों पर मामला दर्ज


नवी मुंबई। जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए तलवार जैसे हथियार से केक काटकर उसकी रील सोशल मीडिया पर डालना तीन युवकों को भारी पड़ गया। तुर्भे MIDC इलाके की एक सार्वजनिक सड़क पर कथित रूप से तलवारनुमा हथियार से जन्मदिन का केक काटने का वीडियो सामने आने के बाद तुर्भे पुलिस ने 20 वर्षीय युवक और उसके दो दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामला अजीत मुन्ना सरोज (20), विशाल मुन्ना सरोज (22) और अभिषेक पासवान से जुड़ा है। आरोप है कि 10 सितंबर की रात करीब 11 बजे अजीत सरोज के जन्मदिन के मौके पर तीनों तुर्भे MIDC क्षेत्र में विशाल होटल और झील के पास एक सार्वजनिक सड़क पर एकत्र हुए। यहां कथित तौर पर तलवार जैसे हथियार से केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान वीडियो भी बनाया गया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर रील के रूप में शेयर किया गया। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद तुर्भे पुलिस ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार हथियार का प्रदर्शन नवी मुंबई पुलिस आयुक्त द्वारा हथियार रखने और लेकर चलने के संबंध में जारी निषेधाज्ञा का उल्लंघन है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 4 और 25 तथा महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(1)(a) और 135 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। सोशल मीडिया पर अलग दिखने की चाह में बनाए गए वीडियो अब पुलिस जांच का हिस्सा बन गए हैं। पुलिस की कार्रवाई ने एक बार फिर संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियारों का प्रदर्शन कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डालना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *