Latest Newsमध्यप्रदेश

15 सितंबर से बदलेगा भोपाल मेट्रो का टाइम टेबल, पीक आवर्स में हर 15 मिनट में मिलेगी ट्रेन

सोमवार से शनिवार शाम 5 बजे के बाद बढ़ेगी फ्रीक्वेंसी; रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर रात 8:30 बजे तक चलेगी मेट्रो


भोपाल, मध्य प्रदेश। भोपाल मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए 15 सितंबर से नई समय-सारणी लागू होने जा रही है। नए शेड्यूल में सोमवार से शनिवार और रविवार व सार्वजनिक अवकाश के लिए अलग-अलग संचालन समय निर्धारित किया गया है। यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पीक आवर्स में ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ाई जाएगी। नई समय-सारणी के मुताबिक सोमवार से शनिवार तक भोपाल मेट्रो का संचालन सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा। शाम के समय यात्रियों की संख्या को देखते हुए शाम 5 बजे के बाद हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होगी। अभी इस दौरान करीब 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन की सुविधा मिल रही थी। सुभाष नगर स्टेशन से दिन की पहली मेट्रो सुबह 11:30 बजे रवाना होगी, जबकि एम्स स्टेशन से पहली मेट्रो दोपहर 12 बजे चलेगी। शाम को सुभाष नगर से आखिरी मेट्रो 7 बजे और एम्स स्टेशन से अंतिम मेट्रो शाम 7:30 बजे रवाना होगी।
वहीं, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में मेट्रो सेवा सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। छुट्टी के दिनों में दोपहर बाद यात्रियों की अधिक आवाजाही को ध्यान में रखते हुए दोपहर 1 बजे के बाद हर 15 मिनट में मेट्रो चलाई जाएगी। नई समय-सारणी से खासतौर पर शाम के समय और छुट्टी वाले दिनों में सफर करने वाले यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा और मेट्रो सेवा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *