हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की पेशी, पांच साल पुराने विवाद ने फिर पकड़ा तूल

हाजीपुर (बिहार)। वैशाली जिले के लालगंज में पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर हुए चर्चित हर्ष फायरिंग मामले में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह की कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब पांच साल पुराने इस मामले में गुरुवार को अक्षरा सिंह हाजीपुर न्यायालय में पेश हुईं। उनकी पेशी के बाद वर्ष 2021 में हुए विवादित समारोह और हर्ष फायरिंग की घटना एक बार फिर चर्चा में आ गई है। मामला 23 अप्रैल 2021 का है। लालगंज स्थित पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के आवास पर उनके भतीजे के उपनयन संस्कार यानी जनेऊ समारोह का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह को भी आमंत्रित किया गया था। समारोह के दौरान अक्षरा सिंह मंच पर प्रस्तुति दे रही थीं। इसी बीच एक बॉडीगार्ड द्वारा कार्बाइन से खुलेआम फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति से लेकर पुलिस और प्रशासनिक महकमे तक में हलचल मच गई थी। मामला केवल हर्ष फायरिंग तक सीमित नहीं रहा, क्योंकि उस समय बिहार समेत पूरे देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर जारी थी। इसके बावजूद समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और मास्क तथा सोशल डिस्टेंसिंग सहित कोविड नियमों की अनदेखी के आरोप लगे थे। वायरल वीडियो और घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला, उनकी पत्नी अनु शुक्ला, बॉडीगार्ड, भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
मुन्ना शुक्ला के बयान भी रहे थे विवादों में
घटना के बाद पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला के बयान भी खूब सुर्खियों में रहे थे। मीडिया से बातचीत के दौरान उनका कथित बयान, ‘वे कानून तोड़ने के लिए ही पैदा हुए हैं’ विवाद का विषय बना था। इसके अलावा उनका एक और बयान, ‘यहां गोली नहीं चलेगी तो क्या अगरबत्ती जलेगी’ भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।अब करीब पांच साल बाद इस मामले में अक्षरा सिंह की हाजीपुर न्यायालय में पेशी ने पुराने विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया और न्यायालय के आदेश पर सभी की नजरें टिकी हैं।
