उज्जैन में महिला से चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो के खिलाफ केस दर्ज
इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद मिलने के लिए बुलाने का आरोप, पीड़िता को इंदौर में छोड़कर फरार हुए आरोपी

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में इंदौर की एक महिला ने चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर नानाखेड़ा पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी पहचान उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से हुई थी। दोनों पहले भी एक-दो बार मिल चुके थे। सोमवार को चक्रेश के बुलाने पर महिला बस से उज्जैन पहुंची। आरोप है कि मेघदूत होटल के पास चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर मिला। इसके बाद महिला को कार में घुमाया गया और उसके साथ यौन उत्पीड़न किया गया। पीड़िता ने वीडियो में दावा किया कि रास्ते में चक्रेश के चार अन्य दोस्त भी कार में सवार हुए और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि घटना के बाद महिला को इंदौर में अरविंदो अस्पताल के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। रात करीब नौ बजे पीड़िता ने अपने मुंहबोले भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद भाई उसे लेने पहुंचा और दोनों नानाखेड़ा थाने गए। पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ के बाद रात करीब दो बजे उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, लिखित आवेदन में दो आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी गई है, जबकि सोशल मीडिया वीडियो में चार से पांच लोगों की संलिप्तता का दावा किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना में अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकेगी।
