अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार का देवेंद्र फडणवीस पर गंभीर आरोप, बोले- VSR कंपनी के मालिक को बचाने का हो रहा प्रयास

मुंबई। दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे को लेकर विधायक रोहित पवार ने एक बार फिर महाराष्ट्र सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि VSR कंपनी के मालिक वी.के. सिंह को बचाने का प्रयास राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कर रहे हैं। रोहित पवार ने दावा किया कि फडणवीस जयपुर में वी.के. सिंह के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे और कंपनी के मालिक से उनके करीबी संबंध हैं। उन्होंने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके आरोप गलत हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। रोहित पवार ने स्पष्ट किया कि वह किसी पर अजित पवार की हत्या या साजिश में शामिल होने का सीधा आरोप नहीं लगा रहे हैं, लेकिन विमान हादसे से जुड़ी कंपनी के मालिक को बचाने की कोशिश किए जाने का उन्हें संदेह है। रोहित पवार ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास सत्ता, पुलिस और सीआईडी जैसी जांच एजेंसियां हैं। प्रधानमंत्री और सीबीआई तक उनकी पहुंच है, इसके बावजूद अब तक इस मामले में प्रभावी जांच क्यों नहीं हुई? उन्होंने आरोप लगाया कि वी.के. सिंह और VSR कंपनी को बचाने के कारण ही जांच आगे नहीं बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि मौजूदा सरकार भले ही कंपनी के मालिक को बचाने का प्रयास करे, लेकिन भविष्य में उनकी सरकार आने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। रोहित पवार ने कहा कि यदि वे अपने चाचा अजित पवार को न्याय नहीं दिला सके तो आम लोगों को न्याय दिलाने के दावों का क्या अर्थ रह जाएगा। उन्होंने कहा कि सच सामने लाने के लिए राजनीतिक नुकसान की भी उन्हें परवाह नहीं है।
VSR कंपनी के कारोबार और वित्तीय लेन-देन पर उठाए सवाल
रोहित पवार ने VSR कंपनी के वित्तीय लेन-देन को लेकर भी कई आरोप लगाए। उनका दावा है कि अजित पवार के निधन के दो दिन बाद कंपनी के मालिक के बेटे रोहित सिंह ने अमेरिका में करीब 18 करोड़ रुपये का घर खरीदा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति से यह संपत्ति खरीदी गई, उसके ड्रग तस्करी से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। रोहित पवार ने कंपनी के एक कारोबारी साझेदार पर भी ड्रग तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया और दावा किया कि इस नेटवर्क के जरिए बड़े पैमाने पर कारोबार होता है। उन्होंने कहा कि VSR कंपनी के सभी लेन-देन की गहन जांच होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वी.के. सिंह की 27 कंपनियां हैं और कोलकाता की एक कंपनी के माध्यम से 868 करोड़ रुपये की राशि को वैध धन के रूप में दर्शाया गया। रोहित पवार ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने गंभीर आरोपों के बावजूद जांच एजेंसियां कार्रवाई क्यों नहीं कर रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अजित पवार के निधन के बाद राज्य सरकार ने VSR विमान कंपनी को 168 करोड़ रुपये दिए। उन्होंने सवाल किया कि किसानों के लिए धन की कमी बताई जाती है, लेकिन विमान कंपनी को भुगतान कैसे किया जा रहा है और इसके पीछे किसका संरक्षण है।
