शासन के फैसलों में एआई सहायक बने, अंतिम निर्णय में मानवीय जांच जरूरी : ब्रिजेश सिंह

मुंबई। शासन की निर्णय प्रक्रिया में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का उपयोग सहायक के रूप में किया जाना चाहिए, लेकिन महत्वपूर्ण फैसलों में मानवीय हस्तक्षेप और सत्यापन अनिवार्य होना चाहिए। एआई का उद्देश्य मानवीय क्षमता, कार्यक्षमता और निर्णय लेने की प्रक्रिया को मजबूत करना होना चाहिए। इसके साथ ही सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। शुक्रवार को यह विचार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रधान सचिव तथा महासंचालक ब्रिजेश सिंह ने परेल स्थित आईटीसी ग्रैंड सेंट्रल होटल में आयोजित ‘एआई ट्रांसफॉर्मेशन कॉन्क्लेव’ में व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार के स्थानीय स्तर पर संचालित ‘महा एआई’ प्लेटफॉर्म में सर्वम मॉडल के उपयोग से शासन निर्णयों, प्रशासनिक संदर्भों और विभिन्न प्रावधानों के आधार पर मसौदे तैयार करना आसान हुआ है। हालांकि, तैयार मसौदे की अंतिम जांच और मंजूरी संबंधित अधिकारियों को ही देनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई से कामकाज में तेजी आ सकती है, लेकिन अंतिम जिम्मेदारी मानवीय अधिकारियों की ही रहेगी। ब्रिजेश सिंह ने बताया कि अपराध के तरीकों का विश्लेषण करने के लिए महाराष्ट्र में ‘महा क्राइम ओएस’ नामक प्रायोगिक पहल भी चलाई जा रही है। इसके माध्यम से वाहन चोरी और घरों में सेंधमारी जैसे अपराधों में समान प्रवृत्तियों और कार्यप्रणालियों की पहचान की जा सकती है। हालांकि, एआई से प्राप्त निष्कर्षों की सत्यता जांचने और उनके आधार पर जिम्मेदारी से निर्णय लेने का काम अधिकारियों को ही करना होगा। उन्होंने कहा कि एआई के इस्तेमाल से पहले संभावित जोखिम, जानकारी की सटीकता, तकनीक के चयन और संसाधनों की योजना का आकलन जरूरी है। एआई को मानवीय श्रम और कौशल का विकल्प बनाने के बजाय उनकी गुणवत्ता तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए जिम्मेदारी से इस्तेमाल किया जाना चाहिए। यही सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
