
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जून-जुलाई 2026 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) ऑनलाइन जारी कर दिए हैं। मंडल के अनुसार छात्र-छात्राओं के प्रवेश पत्र 8 जून 2026 से मंडल की आधिकारिक वेबसाइट (https://www.mahahsscboard.in? पर उपलब्ध हैं। संबंधित माध्यमिक विद्यालय और कनिष्ठ महाविद्यालय ‘Admit Card’ लिंक के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर विद्यार्थियों को वितरित करेंगे। प्रवेश पत्र प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
स्कूलों को प्रवेश पत्र पर मुहर और हस्ताक्षर करना अनिवार्य
शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं आवेदन पत्रों के प्रवेश पत्र उपलब्ध होंगे, जिनकी स्थिति ‘Paid’ दिखाई दे रही है। ऐसे प्रवेश पत्र ‘Paid Status Admit Card’ विकल्प के माध्यम से डाउनलोड किए जा सकेंगे। वहीं विलंब से आवेदन भरने वाले तथा विभागीय मंडलों द्वारा अतिरिक्त सीट नंबर प्राप्त विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र ‘Extra Seat Number Admit Card’ विकल्प के तहत उपलब्ध होंगे। डाउनलोड किए गए प्रवेश पत्र पर विद्यालय के मुख्याध्यापक या कनिष्ठ महाविद्यालय के प्राचार्य की मुहर और हस्ताक्षर होना अनिवार्य रहेगा। यदि प्रवेश पत्र में नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, विषय या माध्यम संबंधी कोई त्रुटि हो तो संबंधित विभागीय मंडल कार्यालय से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुधार कराया जा सकता है।
प्रवेश पत्र खोने पर मिलेगी दूसरी प्रति
मंडल के सचिव Dr. Dipak Mali ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन की शुल्क स्थिति अभी अपडेट नहीं हुई है, शुल्क प्राप्त होने के बाद उनका स्टेटस अपडेट कर ‘Late Paid Status Admit Card’ विकल्प के तहत प्रवेश पत्र उपलब्ध कराया जाएगा। यदि प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है या उसमें कोई त्रुटि है तो विद्यालय छात्र का नया फोटो चिपकाकर उस पर मुहर और हस्ताक्षर करेगा। प्रवेश पत्र खो जाने की स्थिति में संबंधित विद्यालय या कनिष्ठ महाविद्यालय पुनः प्रिंट निकालकर उस पर लाल स्याही से ‘द्वितीय प्रति’ अंकित करते हुए विद्यार्थी को उपलब्ध कराएगा। मंडल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, मुख्याध्यापकों और प्राचार्यों से आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



