फिल्म-वेब सीरीज में काम करने वाली ‘एक्ट्रेस’ सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार, दो युवतियों का रेस्क्यू

ठाणे। हिंदी और भोजपुरी सीरियल, फिल्मों तथा वेब सीरीज में काम करने का दावा करने वाली एक महिला को ठाणे पुलिस की अनैतिक मानवी तस्करी शाखा (AHTC) ने कथित सेक्स रैकेट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो युवतियों को भी इस कथित देह व्यापार से बाहर निकालकर सुरक्षित सुधार गृह भेज दिया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि वागले एस्टेट इलाके में साई टच होटल एंड बार के पास एक महिला ग्राहकों को युवतियां उपलब्ध कराने वाली है। सूचना के आधार पर AHTC ने जाल बिछाया और 26 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे बोगस ग्राहक तथा पंच को मौके पर भेजकर कार्रवाई की। सौदा तय होने की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर महिला को हिरासत में लिया और दो युवतियों का रेस्क्यू किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला ने खुद को अभिनेत्री बताते हुए हिंदी और भोजपुरी फिल्मों तथा वेब सीरीज में काम करने का दावा किया है। उसने ‘द अनवांटेड गिफ्ट’, ‘जिला ग्रीडी’, ‘तू देख मेरी फोटो’, ‘बंद दरवाजा’, ‘छू ले जरा’ और ‘तलब’ सहित अन्य प्रोजेक्ट में काम करने की जानकारी दी है। पुलिस का आरोप है कि वह युवतियों की तस्वीरें ग्राहकों को भेजकर पिछले कुछ समय से कथित तौर पर यह कारोबार चला रही थी।
इस संबंध में श्रीनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(1), 143(3) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों युवतियों को सुरक्षित सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरफ्तार महिला के साथ इस कथित रैकेट में और कौन-कौन शामिल था, अब तक कितनी युवतियों को ग्राहकों के पास भेजा गया और इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। अन्य गतिविधियों से किसी संभावित संबंध की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई ठाणे शहर पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों डीसीपी अमर सिंह जाधव और एसीपी मदन बल्लाळ के मार्गदर्शन में की गई। अनैतिक मानवी तस्करी शाखा की पीआई अंजली आंधळे, एपीआई स्नेहल शिंदे, पीएसआई दीक्षा ढाकरे और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम कार्रवाई में शामिल रही। फिल्म और मनोरंजन जगत में अवसर की तलाश करने वाली युवतियों को निशाना बनाकर उनका शोषण किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस की आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल महिला के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
