
मुंबई। NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन को अब दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री ज्योतिका का भी समर्थन मिल गया है। उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया है। ज्योतिका ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए गए संदेश में लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान पद छोड़ें, इस्तीफा दें। मैं छात्रों और हमारे देश के भविष्य के साथ खड़ी हूं। मैं जवाबदेही के साथ खड़ी हूं। मैं लोकतांत्रिक भारत के साथ खड़ी हूं और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के समर्थन में हूं।” उन्होंने आगे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, अभिजीत दिपके और सौरव दास का उल्लेख करते हुए लिखा कि, “एक मां होने के नाते हम अपने बच्चों को आप जैसा बनाना चाहते हैं। हमें नई पीढ़ी पर गर्व है, जिसने बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर यह साबित किया है कि ‘हम ही भारत हैं।’ दबाव की दीवारें तोड़ने और लोगों को निडर बनने की प्रेरणा देने के लिए धन्यवाद।” पोस्ट के अंत में उन्होंने “जय हिंद” भी लिखा। देशभर में जारी छात्र आंदोलन लगातार व्यापक रूप लेता जा रहा है। इस मुद्दे पर फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुकी हैं। इससे पहले आलिया भट्ट, सलमान खान, हुमा कुरैशी, साकिब सलीम, सोनाक्षी सिन्हा, प्रकाश राज, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, अमोल पाराशर और स्वरा भास्कर सहित कई कलाकार सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं।

