
मीरा-भाईंदर। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आरक्षण क्रमांक 122 पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अनधिकृत धार्मिक स्थलों के अवैध निर्माण हटाए। महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों तथा महाराष्ट्र सरकार द्वारा 5 मई 2011 को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई है। संबंधित भूखंड सामाजिक वनीकरण और खेल मैदान के लिए आरक्षित है, जिस पर अवैध निर्माण किए गए थे।
सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद की गई कार्रवाई
महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार कार्रवाई शुरू करने से पहले सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं को पूरा किया गया। पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर, संवेदनशीलता और सुनियोजित तरीके से संपन्न की गई। प्रशासन ने विशेष सावधानी बरती कि किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत न हों तथा सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित न हो। इसी कारण कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
पुलिस बंदोबस्त के बीच शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई राधाबिनोद ए.शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस कमिश्नरेट द्वारा पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। महानगरपालिका और पुलिस प्रशासन के समन्वय से अभियान सुचारु रूप से पूरा हुआ। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, उपायुक्त स्वप्नील सावंत सहित विभिन्न प्रभाग समितियों के अधिकारी, कर्मचारी, फेरीवाला पथक और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग और आरक्षित भूखंडों की सुरक्षा के लिए भविष्य में भी नियमों के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी।




