नवरात्रि-दिवाली से पहले महंगे होंगे AC, फ्रिज और वॉशिंग मशीन, 5 से 8% तक बढ़ सकते हैं दाम
तांबा, एल्युमिनियम और स्टील की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाई लागत, पुराने स्टॉक के चलते दिवाली तक मिल सकती है कुछ राहत

नई दिल्ली। नवरात्रि और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों से ठीक पहले इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार से उपभोक्ताओं के लिए झटका देने वाली खबर है। तांबा, एल्युमिनियम और स्टील जैसे प्रमुख कच्चे माल की बढ़ती कीमतों तथा परिवहन खर्च में इजाफे के चलते इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां अपने विभिन्न उत्पादों के दाम बढ़ाने की तैयारी में हैं। एयर कंडीशनर (AC) की कीमतों में 5 से 8 प्रतिशत, जबकि रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और LED टीवी के दाम में 2 से 4 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। इस वर्ष कंज्यूमर ड्यूरेबल्स की कीमतों में यह तीसरी बढ़ोतरी होगी। उद्योग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सबसे अधिक असर एयर कंडीशनर की कीमतों पर पड़ सकता है। ब्लू स्टार, डाइकिन, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, एलजी और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स जैसी प्रमुख कंपनियां विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में कीमतें बढ़ाने की दिशा में कदम उठा रही हैं, जबकि कुछ कंपनियां बाजार की मौजूदा परिस्थितियों का आकलन कर रही हैं। कीमतें बढ़ने की प्रमुख वजह कच्चे माल की लागत में आया उछाल बताया जा रहा है। डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया और हायर इंडिया के शीर्ष अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में तांबे की कीमत पिछले वर्ष के करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति टन से बढ़कर लगभग 14,500 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई है। एक एयर कंडीशनर के निर्माण में औसतन 3 से 4 किलोग्राम तांबे का इस्तेमाल होता है। ऐसे में धातुओं की कीमतों में 25 से 35 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी सीधे उत्पादन लागत को प्रभावित कर रही है। इसके साथ मजबूत अमेरिकी डॉलर और बढ़ते लॉजिस्टिक्स खर्च ने भी कंपनियों की लागत बढ़ा दी है। इलेक्ट्रॉनिक्स और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स उद्योग के लिए ओणम से नवरात्रि और दिवाली तक का समय बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इस अवधि में कंपनियों की कुल वार्षिक बिक्री का करीब 30 से 40 प्रतिशत कारोबार होता है। ऐसे में त्योहारी सीजन के ठीक पहले कीमतों में बढ़ोतरी से उपभोक्ता मांग प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि ग्राहकों के लिए फिलहाल कुछ राहत की गुंजाइश है। डीलरों और रिटेलरों के पास अगस्त-सितंबर के दौरान पुरानी कीमतों पर खरीदा गया पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। ऐसे में दिवाली तक कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद पुराने स्टॉक और त्योहारी ऑफर के कारण पुरानी अथवा रियायती कीमतों पर मिल सकते हैं। पुराने स्टॉक के खत्म होने के बाद नई बढ़ी हुई कीमतों का असर बाजार में पूरी तरह दिखाई दे सकता है।
