बांद्रा स्टेशन की 162वीं वर्षगांठ पर तीन दिवसीय महोत्सव, विरासत और संस्कृति का दिखेगा अनूठा संगम
पश्चिम रेलवे ने शुरू किया ‘बांद्रा स्टेशन महोत्सव 2026’, ऐतिहासिक तस्वीरों की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अफ्रीकन ड्रमिंग होंगे आकर्षण

मुंबई। पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल की ओर से बांद्रा रेलवे स्टेशन पर 27 से 29 नवंबर 2026 तक तीन दिवसीय ‘बांद्रा स्टेशन महोत्सव 2026’ आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन 28 नवंबर 1864 को बांद्रा उपनगरीय स्टेशन के उद्घाटन की 162वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से स्टेशन की ऐतिहासिक स्थापत्य कला, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जा रहा है। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महोत्सव का उद्घाटन शुक्रवार, 27 नवंबर को महाराष्ट्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं सांस्कृतिक कार्य मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, बांद्रा पूर्व के विधायक वरुण सरदेसाई और मुंबई सेंट्रल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज सिंह ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत रेलवे सुरक्षा बल के फ्लैग मार्च से हुई। इस अवसर पर स्टेशन की विरासत पर आधारित कॉफी टेबल बुक ‘द स्टेशन दैट मेड हिस्ट्री’ का विमोचन भी किया गया। इसके बाद नुक्कड़ नाटक और पश्चिम रेलवे की सांस्कृतिक टीम ने संगीतमय प्रस्तुतियां दीं।
दुर्लभ तस्वीरों में दिखेगी स्टेशन की ऐतिहासिक यात्रा
महोत्सव में विशेष हेरिटेज फोटो प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें बांद्रा स्टेशन की दुर्लभ अभिलेखीय तस्वीरों के माध्यम से उसके ऐतिहासिक अतीत और वर्षों के दौरान हुए विकास को दर्शाया गया है। तीन दिनों तक विरासत, संस्कृति और जनसहभागिता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शनिवार को शाम 5 बजे आयोजित होने वाला ‘अफ्रीकन आर्ट ऑफ ड्रमिंग’ कार्यक्रम महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा। इसके माध्यम से दर्शकों को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कला का अनूठा अनुभव मिलेगा। अंतिम दिन भी विभिन्न सांस्कृतिक और हेरिटेज गतिविधियों के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। जनसहभागिता और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए ‘बांद्रा स्टेशन’ थीम पर आधारित कला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। आगंतुकों के लिए विशेष सेल्फी पॉइंट भी तैयार किया गया है, जहां वे महोत्सव के यादगार पलों को कैमरे में कैद कर सकते हैं।
ग्रेड-I हेरिटेज संरचना है बांद्रा स्टेशन
बांद्रा रेलवे स्टेशन मुंबई के प्रमुख उपनगरीय स्टेशनों में शामिल है। इसकी विशिष्ट 19वीं शताब्दी की स्थापत्य शैली और आकर्षक छतों की श्रृंखलाबद्ध संरचना इसे खास पहचान देती है। इसे ग्रेड-I हेरिटेज संरचना के रूप में अधिसूचित किया गया है। पश्चिम रेलवे का उद्देश्य इस महोत्सव के जरिए स्टेशन के ऐतिहासिक महत्व को सामने लाने के साथ रेलवे की विरासत के प्रति गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना है। रेलवे ने नागरिकों, रेल प्रेमियों और विद्यार्थियों से 29 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में भाग लेने की अपील की है।
